बॉलीवुड अभिनेता और पूर्व सांसद परेश रावल बने एनएसडी के अध्यक्ष

Views : 3305  |  3 minutes read
Paresh-Rawal

बॉलीवुड अभिनेता और भाजपा के पूर्व सांसद परेश रावल को नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा यानि एनएसडी का प्रमुख बनाया गया। इस बात की जानकारी केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार को एक ट्वीट कर दी। पटेल ने जानकारी देते हुए ट्वीट किया, ‘प्रख्यात कलाकार परेश रावल को महामहिम द्वारा एनएसडी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी प्रतिभा का लाभ देश के कलाकारों एवं छात्रों को मिलेगा। हार्दिक शुभकामनाएं।’

2017 से खाली था एनएसडी अध्यक्ष का पद

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 65 वर्षीय अभिनेता परेश रावल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने एनएसडी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। गौरतलब है कि एनएसडी के अध्यक्ष का यह पद वर्ष 2017 से खाली चल रहा था। साल 2014 में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री अवॉर्ड’ से सम्मानित परेश रावल राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के साथ कई अन्य अवार्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। परेश ने अब तक के कॅरियर में कई हिट फिल्में दी हैं।

Read More: आज मेरा घर टूटा है, कल तेरा घमंड टूटेगा: अभिनेत्री कंगना रनौत

‘मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा’: परेश

राष्ट्रीय नाट्य संस्थान का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद सीनियर भारतीय परेश रावल ने कहा, ‘यह चुनौतीपूर्ण लेकिन मजेदार होगा। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा, क्योंकि यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसे मैं अच्छी तरह जानता हूं।’ वहीं, केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के मीडिया सलाहकार नितिन त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा के पूर्व सांसद रावल को चार साल की अवधि के लिए एनएसडी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

COMMENT