भाजपा ने दिल्ली, छत्तीसगढ़ और मणिपुर में हटाए प्रदेश अध्यक्ष, इन्हें मिली नई जिम्मेदारी

Views : 3174  |  3 minutes read
BJP-Head-JP-Nadda-

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आखिरकार तीन राज्यों में अपने स्टेट प्रेसीडेंट को पद से हटाते हुए नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने मंगलवार को तीन राज्यों दिल्ली, छत्तीसगढ़ और मणिपुर के प्रदेश अध्यक्षों में फेरबदल किया है। भाजपा ने दिल्ली में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को पद से हटाते हुए उनकी जगह आदेश कुमार गुप्ता को यह नई जिम्मेदारी दी है। विष्णुदेव साई को छत्तीसगढ़ का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा मणिपुर में एस टिकेंद्र सिंह को नए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर जिम्मा सौंपा गया है।

एमसीडी के पूर्व मेयर रह चुके हैं आदेश गुप्ता

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की जगह नए अध्यक्ष बनाए गए आदेश कुमार गुप्ता एमसीडी के पूर्व मेयर रह चुके हैं और वर्तमान में पार्षद हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के कार्यकाल को आगे न बढ़ाते हुए नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।

पद से हटाए जाने के बाद​ मनोज तिवारी ने कहा, ‘दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में 3.6 साल के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला, उसके लिये सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी व दिल्ली वासियों का सदैव आभारी रहूँगा.. जाने अनजाने कोई त्रुटि हुई हो तो क्षमा करना.. नये प्रदेश अध्यक्ष भाई आदेश गुप्ता जी को असंख्य बधाइयां।’

दिल्ली चुनाव में भाजपा का निराशाजनक प्रदर्शन बना वजह

गौरतलब है कि हाल में दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद से ही यह तय माना जा रहा था कि मनोज तिवारी को कभी भी हटाया जा सकता है। इस चुनाव के बाद से ही प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पार्टी में लॉबिंग तेज हो गई थी। कई नेता इस पद के लिए अपनी पूरी जुगत लगा रहे थे। हालांकि, अब पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि अगर तिवारी को प्रदेश अध्यक्ष पद पर फिर से नहीं बैठाया गया है तो उन्हें दूसरी बड़ी जिम्मेदारी देनी होगी। क्योंकि दिल्ली में पूर्वांचली लोगों की अच्छी तादाद है और वे पार्टी के स्टार प्रचारक भी हैं।

राज्यसभा की 18 रिक्त सीटों के लिए 19 जून को होगा चुनाव, जानें किस दिन आएगा परिणाम

COMMENT