बर्थडे: हनी सिंह ने देश को रैप म्यूज़िक से कराया था इंट्रोड्यूस, एक्टिंग में भी आजमा चुके हैं भाग्य

Views : 6833  |  4 minutes read
Honey-Singh-Biography

हिप-हॉप म्यूज़िक की शुरुआत अमेरिका में 70 के दशक में इस इंडस्ट्री से जुड़े अमेरिकन-अफ्रीकन ने की थी। हिप-हॉप को ही रैप म्यूज़िक भी कहा जाता है। भारत में इसकी शुरुआत दशकों बाद हुई। देश में रैप म्यूज़िक को इंट्रोड्यूस कराने का श्रेय हनी सिंह को दिया जाता है। यह शख़्स आज प्रसिद्ध रैपर, सिंगर, म्यूज़िक डायरेक्टर व प्रोड्यूसर और एक्टर के तौर पर अपनी पहचान रखता है। पंजाबी म्यूज़िक को विश्व स्तर पर पॉपुलर बनाने में इनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। हनी सिंह आज 15 मार्च को अपना 40वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस खास अवसर पर जानिए हनी सिंह अका ‘यो यो हनी सिंह’ के जीवन के बारे में कुछ रोचक बातें…

chaltapurza.com

सिख परिवार में जन्मा ‘पंजाब दा पुत्तर’

हनी सिंह का असली नाम हिर्देश सिंह हैं। इनका जन्म पंजाब राज्य के होशियारपुर में 15 मार्च, 1983 को हुआ था। हनी का परिवार आगे दिल्ली में आकर बस गया। इन्होंने स्कूली शिक्षा दिल्ली के गुरु नानक पब्लिक स्कूल से पूरी की। हनी का बचपन से म्यूज़िक के प्रति गहरा लगाव था। इसलिए ये स्कूली तालीम हासिल करने के बाद यूके के ट्रिनिटी स्कूल लंदन से म्यूज़िक की पढ़ाई करने चले गए थे। इनके बारे में कहा जाता है कि बचपन में हनी सिंह एक्टर अमोल पालेकर के स्टाइल की नकल कर उनका मजाक उड़ाते थे।

chaltapurza.com

बतौर म्यूज़िक डायरेक्टर शुरू किया करियर

लंदन से लौटने के बाद हनी सिंह ने पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री में काम करना शुरू कर दिया था। लेकिन उन्होंने अपने करियर की शुरूआत बतौर म्यूज़िक डायरेक्टर की थी। हनी लोगों के लिए म्यूज़िक बनाने और रिकॉर्ड करने का काम किया करते थे। कभी-कभार किसी गाने की वीडियो में भी ये दिख जाते थे। शुरूआती दिनों में हनी सिंह और उनका भाई गाने लिखने की भी कोशिश किया करते थे। पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री में काम करते-करते उन्हें हिप हॉप म्यूज़िक को इंडिया में इंट्रोड्यूस करने का ख़याल आया। इन्होंने इस पर काम किया और फिर पंजाबी सिंगर अशोक सचदेवा उर्फ अशोक मस्ती के साथ इनका हिप हॉप गाना ‘ग्लासी’ आया।

यह गाना पंजाब में खूब पंसद किया गया। इसके बाद इन्हें पहचान दिलाई दलजीत दोसांझ के साथ आए गाने ‘लक 28 कुड़ी दा’ ने। यह गाना दुनिया में हर ओर छा गया। यहां तक की बीबीसी की म्यूज़िक डाउनलोड चार्ट लिस्ट में पहले पायदान पर भी पहुंचा। यह पहला ऐसा इंडियन गाना बना जो इस लिस्ट में नंबर एक पर रहा।

chaltapurza.com

इन गानों ने हनी को दिलाई शोहरत और कामयाबी

‘लक 28 कुड़ी दा’ गाने के बाद हनी सिंह की किस्मत एक रैपर के रूप में चल निकली और वे बहुत ही जल्द पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री के पॉपुलर चेहरे बन गए। इस गाने के बाद इन्होंने हिंदी म्यूज़िक लवर्स के दिलों में भी जगह बना ली। इसके बाद इनके एक से बढ़कर एक हिट गाने आए। क्लब हो या पार्टी या कोई शादी हर ओर सिर्फ हनी सिंह के ही गाने बजते लगे थे।

हनी के हिट गानों की लिस्ट में ‘हाय मेरा दिल, ब्राउन रंग, छम्मक छल्लो, हाई हील्स, ब्रेक अप पार्टी, ब्रिंग मी बैक, ब्लू आईज, इसे कहते हैं हिप हॉप हिप हॉप, देसी कलाकार, सनी सनी, चार बोतल वोडका, पार्टी विद भूतनाथ, ये फुगली फुगली क्या है, यार ना मिले, अटा माझी सटकली, बर्थडे बैश, दिल चोरी और मख़ना’ शामिल है। इन्होंने एक म्यूज़िक बैंड भी बनाया जिसका नाम माफिया मुंड़िर था। इसमें अल्फाज, बादशाह, रफ्तार, लिटिल गोलू और जे स्टार बतौर कलाकार शामिल थे। बाद में आपसी विवादों से यह बैंड बिख़र गया।

chaltapurza.com

बॉलीवुड में एक गाने के लिए सबसे ज्यादा पैसा भी लिया

बॉलीवुड में हनी सिंह की एंट्री फिल्म ‘शकल पे मत जा’ के टाइटल ट्रैक से हुई। इसके बाद वे बॉलीवुड में भी नोटिस किए गए। हनी को फिर बॉलीवुड फिल्मों में एक के बाद एक गाने मिलने लगे। एक समय तो ऐसा आया जब हर फिल्म में कोई ना कोई एक गाना उनका रहता था। हनी को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘बॉस’ के गानों से मिली। इनका गाना ‘लुंगी डांस’ लोगों की जुब़ान पर चढ़कर बोला।

इससे पहले इनका गाया हुआ गाना ‘अंग्रेजी बीट’ सैफ अली खान और दीपिका की फिल्म ‘कॉकटेल’ में भी इस्तेमाल किया जा चुका था। फिल्म ‘मस्तान’ में गाना गाने के लिए उन्हें 70 लाख रुपए मेहनताना मिला जो आज तक बॉलीवुड में किसी भी सिंगर को नहीं मिला है।

chaltapurza.com

फिल्मी करियर और यो यो नाम के पीछे की कहानी

इनके स्टेज नेम यो यो हनी सिंह के पीछे एक दिलचस्प कहानी जुड़ी हुई है। दरअसल, जब हनी सिंह यूके में पढ़ाई कर रहे थे तो उनके दोस्त इन्हें यो यो कहकर पुकारते थे। ये सब इंग्लिश ऐक्सेंट की वजह से बताया जाता है। हालांकि, हनी के अनुसार यो यो हनी सिंह का मतलब Your Own Honey Singh है। हनी ने कुछ पंजाबी और हिंदी फिल्मों में भी काम किया है। इन्होंने पंजाबी फिल्मों की शुरूआत फिल्म ‘मिर्जा’ से की थी।

फिल्म में उनका कैमियो एपियरेंस था, लेकिन इसके लिए उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का पीटीसी पंजाबी फिल्म अवार्ड मिला। इसके बाद हनी सिंह ‘तू मेरा 22 मैं तेरा 22’ और ‘ज़ोरावर’ में दिखे। इन्होंने बॉलीवुड में फिल्मों में एक्टिंग डेब्यू फिल्म ‘द एक्सपोज’ से किया।

chaltapurza.com

शालिनी सिंह से की शादी लेकिन मीडिया से छुपाकर रखा

हनी सिंह से उनकी वाइफ शालिनी सिंह की मुलाकात स्कूल के दिनों में हुई थी। वे दोनों एक साथ दिल्ली के गुरु नानक पब्लिक स्कूल में एक साथ पढ़ते थे। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद हनी सिंह म्यूजिक डिग्री के लिए लंदन चले गए थे। लेकिन अपनी लवर शालिनी के साथ जुड़े रहे, हनी सिंह जब लंदन से लौटे उसके बाद ही उन्होंने शालिनी से शादी करने का निर्णय ले लिया। वर्ष 2011 में हनी सिंह ने अपनी स्कूल फ्रेंड शालिनी से शादी कर ली।

इस शादी को इन्होंने मीडिया और पब्लिक से बचाकर रखा था। बाद में एक शो में हनी ने इसका खुलासा किया। साल 2021 में उनकी पत्नी शालिनी ने हनी सिंह पर मारपीट करने और अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने को लेकर केस दर्ज कराया। इसके बाद तलाक के लिए आवेदन कर दिया। वर्ष 2022 में इन दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद हनी सिंह​ एक मॉडल-एक्ट्रेस टीना थडानी को डेट कर रहे हैं।

chaltapurza.com

शोहरत मिलने के बाद अचानक म्यूज़िक इंडस्ट्री से गायब हुए

हनी सिंह की ज़िंदग़ी में एक समय ऐसा भी आया जब इतनी शोहरत मिलने के बाद भी वे अचानक म्यूज़िक इंडस्ट्री की दुनिया से गायब हो गए। इस दौरान इनके रिहेब सेंटर में इलाज कराने की ख़बरें आने लगी थीं। मीडिया में कहा जाने लगा कि हनी सिंह को शराब की ऐसी लत लग गई थी कि उन्हें रिहेब सेंटर में भर्ती कराना पड़ा। हनी सिंह ने इन बातों का खंडन करते हुए अपना पक्ष मज़बूती से रखा।

इन्होंने कहा कि ‘मैं बायपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहा था। यह सब 18 महीने चला, इस दौरान मैंने चार डॉक्टर्स भी बदले। दवाइयां मुझ पर काम नहीं कर रही थीं। मेरे साथ कई अजीब चीजें हो रही थीं।’ बायपोलर डिसऑर्डर के साथ ही हनी शराब की लत का शिकार हो गए थे और इन्हें इसका भी इलाज कराना पड़ा था। करीब 2 साल म्यूज़िक इंडस्ट्री से दूर रहने के बाद फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ में उनका ‘दिल चोरी’ गाना आया। इस गाने ने एक बार फिर हर जगह धूम मचा दी। इसके बाद उनका एलबम सॉन्ग ‘मख़ना’ रिलीज़ हुआ।

Read: श्रेया घोषाल के नाम पर अमेरिका के ‘ओहियो’ प्रांत में हर साल मनाया जाता है दिवस

COMMENT