अशोक तंवर ने कांग्रेस के बाद अब टीएमसी भी छोड़ी, आम आदमी पार्टी में हुए शामिल

Views : 973  |  3 minutes read
Ashok-Tanwar-Joined-AAP

हरियाणा के युवा नेता और पूर्व सांसद अशोक तंवर ने आज सोमवार को दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस का साथ छोड़ते हुए आम आदमी पार्टी आप की सदस्यता ग्रहण की। आपको बता दें कि अशोक तंवर ने बीते साल ही कांग्रेस छोड़कर टीएमसी का दामन थामा था। हालांकि, बहुत कम समय में ही उनका टीएमसी से भी मोहभंग हो गया और अब वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

राहुल गांधी के काफी करीबी माने जाते थे तंवर

आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट कर बताया कि पूर्व सांसद और हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। मालूम हो कि अशोक तंवर हरियाणा कांग्रेस का युवा चेहरा हुआ करते थे। लेकिन उन्होंने नवंबर 2021 में पार्टी आलाकमान की उदासीनता और अपने राजनीतिक भविष्य पर मंडरा रहे संकट को देखते हुए कांग्रेस छोड़ दी थी टीएमसी में शामिल हो गए। अशोक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के काफी करीबी नेताओं में से एक माने जाते थे।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के रहे अध्यक्ष

हरियाणा की राजनीति में अपनी पहचान बना चुके अशोक तंवर को राहुल गांधी ने ही हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष भी बनाया था। हालांकि, अशोक ने विधानसभा चुनावों में टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया था। वह पार्टी के पदाधिकारियों से नाराज चल रहे थे। इसके बाद उन्होंने ​हालिया विधानसभा चुनाव से पहले टीमएसी ज्वॉइन कर ली थी। तृणमूल कांग्रेस ने गोवा चुनाव में अशोक तंवर को अहम जिम्मेदारी दी थी, हालांकि वहां टीएमसी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा।

Read Also: शरद यादव ने एलजेडी का RJD में किया विलय, तेजस्वी बोले- निर्णय समय की मांग

COMMENT