ज़ोज़िबिनी टुन्ज़ी ने जीता ‘मिस यूनिवर्स-2019’ का खिताब, इस सवाल के जवाब ने दिलाया क्राउन

Views : 5218  |  0 minutes read
zozibini-tunzi

दक्षिण अफ्रीका की ज़ोज़िबिनी टुन्ज़ी ने ब्रह्माण्ड सुंदरी यानि मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता-2019 का खिताब जीत लिया। मिस यूनिवर्स संगठन द्वारा हर साल आयोजित की जाने वाली इस अंतरराष्ट्रीय सौन्दर्य प्रतियोगिता के विजेता का ऐलान रविवार रात किया गया। मिस यूनिवर्स-2019 प्रतियोगिता में दुनियाभर की 90 लड़कियों ने हिस्सा लिया था। बता दें कि टुन्ज़ी और मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको मेडिसन एंडरसन मिस यूनिवर्स के टॉप दो प्रतियोगी थे। एंडरसन को मिस यूनिवर्स-2019 के फर्स्ट रनर अप का खिताब मिला। मिस यूनिवर्स मैक्सिको सोफिया अरागोन इस पेजेंट की सेकंड रनर अप रहीं। मिस यूनिवर्स-2018 फिलीपींस की कैटरिओना इलिसा ग्रे ने ज़ोज़िबिनी टुन्ज़ी को मिस यूनिवर्स का ताज़ पहनाया। इस बार प्रतियोगिता का आयोजन अमरीका के जॉर्जिया प्रांत की राजधानी अटलांटा में हुआ था।

Zozibini-Tunzi

मिस साउथ अफ्रीका रह चुकी हैं टुन्ज़ी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ज़ोज़िबिनी टुन्ज़ी दक्षिण अफ्रीका के त्सोलो की रहने वाली हैं। 26 वर्षीय टुन्ज़ी इसी साल ‘मिस साउथ अफ्रीका’ बनी थीं। मिस यूनिवर्स-2019 के आखिरी राउंड में तीनों प्रतिभागियों से यह सवाल पूछा गया था, ‘वह कौनसी सबसे महत्वपूर्ण चीज़ है जो आज की तारीख में हमें युवा लड़कियों को सिखानी चाहिए?’ इस सवाल का सबसे अच्छा जवाब जजों को साउथ अफ्रीका की टुन्ज़ी का लगा। उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा, ‘सबसे महत्वपूर्ण चीज़ जो लड़कियों को सीखनी चाहिए वह है नेतृत्व करना। समाज में अपनी जगह बनाने से ज्यादा ज़रूरी कुछ भी नहीं है।’

ज़ोज़िबिनी टुन्ज़ी मिस यूनिवर्स-2019 का खिताब जीतने वाली तीसरी अफ्रीकन बन गई है। टेलीविजन पर्सनैलिटी वैनेसा लाची और ओलिविया कुल्पो बैकस्टेज जज थे, इसके अलावा और सात महिलाओं के एक पैनल ने विजेता का नाम घोषित किया। प्रतियोगिता में एक नया पार्ट जिसमें आपको एक स्पीच देनी थी। इस स्पीच में 26 साल की मिस साउथ अफ्रीका ने रंग स्टीरियोटाइप को तोड़ने और युवा महिलाओं को सशक्त बनाने की इच्छा के बारे में बात की।

Read More: सना मारिन बनीं दुनिया की सबसे युवा प्रधानमंत्री, जाने कौन हैं मारिन?

टॉप-10 में भी जगह नहीं बना पाई भारत की वर्तिका

भारत की ओर से लखनऊ की वर्तिका सिंह ने इस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, वह टॉप-10 में भी जगह नहीं बना पाई। बता दें, 26 वर्षीय वर्तिका ने हाल में ‘मिस दीवा यूनिवर्स-2019’ टाइटल अपने नाम किया था। जिसके बाद उन्हें मिस यूनिवर्स के 68वें एडिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा गया।

 

COMMENT