स्नोफॉल से बढ़ी ठंड, दिल्ली में बारिश, ठंड और बढ़ने के संकेत

Views : 4963  |  0 minutes read

उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी (Snowfall) के साथ ही मैदानी इलाकों में हुई बारिश से कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। उत्तराखंड में हिमपात के साथ-साथ ठंडी हवाओं से पूरे राज्य में शीतलहर चल रही है। वहीं हिमाचल की राजधानी शिमला में बुधवार सुबह मौसम की पहली बर्फबारी हुई। इसके अलावा नई दिल्ली में बीते दो दिनों से हो रही बूंदाबांदी के चलते लोगों को प्रदूषण से मामूली राहत ही मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है।

शिमला-मसूरी में स्नोफॉल, केदारनाथ भी हुआ सफेद

बुधवार को शिमला और मसूरी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई जिसने पर्यटकों और स्थानीय होटल कारोबारियों के चेहरे पर चमक ला दी। उत्तराखंड के मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित 2500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर एक फुट बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई है। उन्होंने ये भी बताया कि चकराता और मसूरी के निकट धनोल्टी में भी बर्फबारी हुई है।

वहीं, शिमला मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि शिमला जिले में स्थित एक अन्य पर्यटक स्थल कुफरी में 7 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। चंबा जिले के डलहौजी पर्यटक स्थल में 1.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई, जबकि किन्नौर में कालपा और लाहौल-स्पीति जिले में केलांग में क्रमश: 6 सेंटीमीटर और 3 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।

गुलमर्ग में तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे

कश्मीर घाटी में रात में तापमान में काफी गिरावट आई और गुलमर्ग में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूर्ववर्ती रात की तुलना में 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे है। काजीकुंड में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नजदीकी कोकेरनाग शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं दक्षिण कश्मीर में स्थित पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। लद्दाख क्षेत्र में स्थित लेह शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.1 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि नजदीकी करगिल शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

COMMENT