क्या थी कपूर खानदान की वो परंपरा जिसे करिश्मा कपूर ने तोड़ा

Views : 5486  |  0 minutes read

90 के दशक की मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस और कपूर खानदान की बेटी करिश्मा कपूर ने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खासी जगह बनाई थी। आज 25 जून को वे अपना 45वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री से कपूर खानदान का काफी पुराना संबंध रहा है और इस फैमिली की परंपरा रही है कि इस घर की बेटियां और बहुएं फिल्मों में काम नहीं करेंगी लेकिन इसी फैमिली की बेटी करिश्मा कपूर ने इस परंपरा को तोड़ते हुए 16 साल की उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा और खुद को साबित कर दिखाया।

दरअसल कपूर फैमिली का मानना था कि महिलाएं फिल्मों में काम नहीं कर सकती, क्योंकि वे समझते थे कि इससे घर की औरतें अपनी बाकी जिम्मेदारियों को नहीं संभाल पाएंगी। कपूर खानदान में करिश्मा के फिल्मों में जाने को लेकर झगड़ा शुरू हो गया था और उनके माता-पिता 1988 में अलग हो गये थे। हालांकि कुछ साल अलग रहने के बाद उनके माता-पिता वर्ष 2007 में दोबारा एक हो गए थे।

छठीं तक पढ़ी हैं करिश्मा

करिश्मा कपूर का जन्म 25 जून, 1974 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता बॉलीवुड एक्टर्स रणधीर कपूर और मां बबीता हैं। उनके दादा बीते जमाने के स्टार राज कपूर हैं। वह पृथ्वीराज कपूर की पड़पोती हैं।

करिश्मा को बचपन में ‘लोलो’ नाम से पुकारते थे, जो उनकी मां ने हॉलीवुड एक्ट्रेस जीना लोलोब्रिगिडा के नाम पर रखा था। एक्टिंग में कॅरियर बनाने वाली करिश्मा ने छठी क्लास में पढ़ाई छोड़ दी थी।

करिश्मा ने 16 साल की उम्र में फिल्म ‘प्रेम कैदी’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा, जो 1991 में रिलीज हुई। इस फिल्म में उन्होंने साउथ के हीरो हरीश कुमार के साथ काम किया था। इस डेब्यू फिल्म में उनके लुक को लेकर काफी मजाक बनाया गया था। किसी ने उन्हें लेडी रणधीर कपूर कहा तो कुछ ने कहा कि वे लड़के जैसी दिखाई देती हैं।

करिश्मा को हिन्दी सिनेमा में पहली बार बड़ी सफलता तक मिला जब फिल्म ‘राजा हिन्दुस्तानी’ रिलीज हुई। इस फिल्म में आमिर खान के साथ उनकी कैमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद करिश्मा ने गोविंदा, अजय देवगन, सनी देओल, अक्षय कुमार और सलमान खान के साथ कई हिट फिल्में दीं। ‘अनाड़ी’, ‘जिगर’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘कुली नंबर 1’, ‘जीत’ और ‘बीवी नंबर 1’ जैसी फिल्मों से वे बॉलीवुड की क्वीन बन गई थीं।

उन्हें फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। इसके अलावा उन्हें फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ और ‘फिजा’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस के फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था।

करिश्मा ने अपने फिल्मी कॅरियर में कई बड़ी और सफल फिल्मों में रोल ठुकरा दिया, जिनमें ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘इश्क’ जैसी फिल्में शामिल हैं। करिश्मा ने 2012 में आई फिल्म ‘बॉडीगार्ड’ में बहन करीना कपूर को अपनी आवाज़ भी दी थी।

करिश्मा ने फिल्मों के अलावा टीवी सीरियल में भी काम किया है। करिश्मा ने 2003 में आए शो ‘करिश्मा-द मिरेकल्स ऑफ डेस्टिनी’ में काम किया था। इसके अलावा अब वे डिजिटल दुनिया में भी कदम रख चुकी हैं और Alt बालाजी की वेब सीरीज ‘मेन्टलहुड’ में काम कर रही हैं।

करिश्मा ने 2002 में अभिषेक बच्चन से सगाई की थी, जो कुछ समय बाद टूट गयी। 29 सितम्बर 2003 में उन्होंने संजय कपूर से शादी की थी। इन दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी समाइरा और बेटा किआन। 2014 में इन दोनों ने तलाक की अर्ज़ी दाखिल की थी और 2016 में इन दोनों का तलाक हो गया। फिलहाल वे कथित रूप से बिजनेसमैन संदीप तोषनीवाल के साथ रिलेशनशिप में हैं।

COMMENT