बर्थडे: विवेक ओबेरॉय को पहली फिल्म के लिए मिला था फिल्मफेयर ‘बेस्ट डेब्यू एक्टर’ का अवॉर्ड

Views : 6538  |  4 minutes read
Vivek-Oberoi-Biography

बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय को उन चुनिंदा स्टार्स में शामिल किया जाता है, जिन्होंने अपने दम पर हिंदी सिनेमा में अपना अलग मुकाम हासिल किया। स्टारकिड होने के बावजूद विवेक ने स्ट्रगल चुना और अपने सशक्त अभिनय के दम पर फिल्म पाने में कामयाब रहे। विवेक आज अपना 46वां बर्थडे मना रहे हैं। उनका जन्म 3 सितंबर, 1976 को हैदराबाद में अभिनेता सुरेश ओबेरॉय के घर में हुआ था। विवेक ने अपनी स्कूली शिक्षा हैदराबाद में पूरी कीं। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने अजमेर के मेयो कॉलेज को चुना। फिल्मी परिवार से ताल्लुक होने के कारण विवेक की शुरू से एक्टिंग में रुचि रही। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने न्यूयॉर्क जाकर एक्टिंग कोर्स किया। इस ख़ास मौके पर जानिए उनके जीवन के बारे में कुछ अनसुनी बातें…

Actor-Vivek-Oberoi-

फिल्म ‘कंपनी’ से बॉलीवुड में कदम रखा

विवेक ओबेरॉय वर्ष 2002 में रिलीज़ हुई रामगोपाल वर्मा की फिल्म ‘कंपनी’ से एक्टिंग की दुनिया में एंट्री ली। इस फिल्म में उनके साथ अजय देवगन भी लीड रोल में नज़र आए थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई। अपनी पहली फिल्म की सफलता के लिए विवेक को फिल्मफेयर का ‘बेस्ट डेब्यू एक्टर’ का अवॉर्ड मिला। इस फिल्म के बाद विवेक फिल्म ‘साथिया’ में रानी मुखर्जी के साथ लीड रोल में नज़र आए। इसके बाद उन्होंने कॉमेडी फिल्म ‘मस्ती’ की। ये दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई। इसके बाद उन्होंने ‘युवा’, ‘द किसना’, ‘रोड़’, ‘चोर’ जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन ये फिल्में दर्शकों को कुछ ख़ास पसंद नहीं आईं।

विवेक को इन फिल्मों ने दिलाई अलग पहचान

अभिनेता विवेक ओबेरॉय के लिए फिल्मी सफ़र आसान नहीं था। कॅरियर के दौरान उन्हें कई उतार-चढ़ाव देखने पड़े। स्टारकिड होने के बावजूद विवेक ने अपने दम पर फिल्में कीं। वर्ष 2006 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘ओमकारा’ उनके कॅरियर की टर्निंग पॉइंट साबित हुई। इस फिल्म में वे केशु की भूमिका में थे। फिल्म में उनकी दमदार एक्टिंग ने सिनेप्रेमियों को दीवाना बना दिया था। फिल्म समीक्षकों ने भी उनके अभिनय की जमकर तारीफें कीं। साल 2007 में रिलीज़ फिल्म ‘शूट आउट एट लोखंडवाला’ में विवेक ने गैंगस्टर का रोल प्ले किया। वर्ष 2013 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘कृष-3’ एक्टर विवेक ओबेरॉय की सफलतम फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में बेहतरीन अपनी अदायगी से विवेक एक बार फिर दर्शकों और क्रिटिक्स का दिल जीतने में सफ़ल रहे।

ऐश्वर्या से अफेयर करने की गलती विवेक को पड़ी भारी

शायद ही ऐसा कोई हो जिसे विवेक ओबेरॉय और सलमान खान के बीच का किस्सा मालूम ना हो। दरअसल, बॉलीवुड में फिल्मों से ज्यादा कलाकार अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर ख़बरों में बने रहते हैं। ये बात है उस वक्त की जब सलमान के खराब रवैये के कारण उनके और ऐश्वर्या के रिश्ते बिगड़ रहे थे। जब दोनों के बीच का रिश्ता पूरी तरह से खत्म हो गया। तब मीडिया में ऐश्वर्या और विवेक के अफेयर की खबरें आने लगीं, जिसे लेकर सलमान खान और विवेक के बीच मनमुटाव बढ़ गया।

इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विवेक ने सलमान खान पर गंभीर आरोप लगाए, जिनसे सलमान बेहद नाराज़ हो गए। सलमान के इस गुस्से का असर विवेक के फिल्मी कॅरियर पर देखने को मिला। कहा जाता है कि विवेक की इस गलती की वजह से सलमान ने उन्हें इंडस्ट्री में आगे नहीं बढ़ने दिया। सलमान और विवेक के विवाद के बाद ऐश्वर्या राय ने विवेक से दूरी बना ली थी। हालांकि, ऐश्वर्या ने विवेक ओबेरॉय के साथ अपने अफेयर को लेकर कभी खुलकर नहीं बोला। बाद में ऐश्वर्या ने अभिषेक बच्चन से शादी कर ली।

विवेक ने कर्नाटक के पूर्व मंत्री की बेटी से की शादी

ऐश्वर्या राय से ब्रेकअप के बाद विवेक ओबेरॉय ने वर्ष 2010 में कर्नाटक के पूर्व मंत्री दिवंगत जीवराज अल्वा की बेटी प्रियंका अल्वा से शादी रचाई। दोनों से जुड़ा एक रोचक किस्सा यह है कि दोनों पहली ही नज़र में एक-दूसरे को दिल दे बैठे थे। महज कुछ मिनटों की मुलाक़ात के बाद इन दोनों ने शादी करने का फैसला किया। दोनों के एक बेटा विवान और एक बेटी अमिया हैं।

अभिनेता विवेक ओबेरॉय हाल के वर्षों में साउथ इंडियन फिल्मों में भी एक्टिंग करते नज़र आए हैं। इसके अलावा वे अपने प्रोडक्शन हाउस के तले भी फिल्मों का निर्माण कर रहे हैं। साल 2019 में विवेक ने देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित बायोपिक ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ में उनका किरदार निभाया। मीडिया जानकारी के अनुसार, एक्टर विवेक ओबेरॉय की कुल संपत्ति करीब 15 मिलियन डॉलर यानि करीब 1 अरब 10 करोड़ रुपए से ज्यादा हैं। विवेक एक फिल्म के लिए करीब 3 से 4 करोड़ रुपए तक फीस चार्ज करते हैं।

Read Also: अभिनेता शक्ति कपूर को नंदू के किरदार ने दिलाई थी एक अलग पहचान

COMMENT