विराट इस मामले में दुनिया के टॉप-10 खिलाड़ियों में, कमाई में धोनी से हैं पीछे

Views : 4491  |  0 minutes read

खेल वेबसाइट ईएसपीएन ने दुनिया के शीर्ष-100 (ESPN World Fame 100) प्रसिद्ध खिलाड़ियों की सूची जारी की है, जिसमें भारत के नौ खिलाड़ियों को इस सूची में जगह मिली है। इन 9 भारतीय खिलाड़ियों में अगर टॉप-10 की बात करें तो केवल भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ही सातवें नंबर पर विराजमान है। उनके अलावा पूर्व कप्तान और भारतीय टीम के विकेटकीपर महेन्द्र सिंह धोनी 13वें स्थान पर है।

इस सूची पर गौर करें तो भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के अलावा एकमात्र गैर क्रिकेटर और महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा है जो इस सूची में स्थान बनाने वाली एकमात्र भारतीय महिला और दुनिया की मात्र तीन महिला खिलाड़ियों में शामिल है। इन महिलाओं में सेरेना विलियम्स (17), मारिया शारापोवा (37) के साथ सानिया मिर्जा (93) है जो टेनिस खिलाड़ी हैं।

इस सूची में शामिल अन्य भारतीय पुरुष क्रिकेटर युवराज सिंह (18), सुरेश रैना 22वें, आर अश्विन 42वें, रोहित शर्मा 46वें, हरभजन सिंह 74वें और शिखर धवन 94वें स्थान पर है।

दुनिया के शीर्ष 10 खिलाड़ी इस प्रकार हैं: क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लेब्रोन जेम्स, लियोनेल मेस्सी, नेमार, कॉनर मैकग्रेगर, रोजर फेडरर, विराट कोहली, राफेल नडाल, स्टीफन करी, टाइगर वुड्स।

विज्ञापनों से धोनी कमाते हैं सबसे ज्यादा
हाल में आईसीसी क्रिकेट ऑफ द ईयर चुने गए विराट कोहली का सर्च स्कोर 25 का है और इस सूची में सातवें स्थान पर है। यही नहीं उनके सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स का आंकड़ा 3.71 करोड़ है। विराट की विज्ञापन के माध्यम से होने वाली कमाई दो करोड़ डॉलर (करीब 139 करोड़ रुपए) है।

वहीं इस सूची में 13वें स्थान पर मौजूद धोनी का सर्च स्कोर पांच ही है और सोशल मीडिया पर उनके फॉलोवर्स 3.07 करोड़ है।

एंडोर्समेंट से होने वाली कमाई के मामले में वे विराट से काफी आगे हैं। धोनी को विज्ञापनों के माध्यम से होने वाली आय 2.80 करोड़ डॉलर यानि करीब 195 करोड़ रुपए हैं।

सूची में हैं सबसे ज्यादा फुटबॉलर शामिल
सूची में सबसे ज्यादा 37 फुटबॉलर, बास्केट बॉल से 16 और टेनिस के 9 प्लेयर हैं। वहीं, अगर बात करें क्रिकेट की तो कुल 11 क्रिकेटर इस सूची में शामिल हैं।

क्रिकेटर्स में आठ भारतीय हैं, जबकि तीन बांग्लादेश के हैं। बांग्लादेश के जिन क्रिकेटर्स के नाम इसमें हैं उनमें शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम और मशरफे बिन मुर्तजा शामिल हैं।

वेबसाइट ने खिलाड़ियों के सर्च स्कोर, उनके एंडोर्समेंट और सोशल फॉलोइंग के आधार पर यह लिस्ट तैयार की है। इसके टॉप-5 खिलाड़ियों में 3 फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनेल मेसी और नेमार जूनियर हैं।

ये है शीर्ष कमाई करने वाले खिलाड़ी
पुर्तगाली फुटबॉल टीम और युवेंट्स के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस सूची में पहले नंबर पर हैं। उनका सर्च स्कोर 100 है, जबकि सोशल मीडिया पर उनके 14.80 करोड़ फॉलोवर्स हैं। उनके पास 3.70 करोड़ डॉलर (करीब 257 करोड़ रुपए) के एंडोर्समेंट हैं।

 

भारतीय खिलाड़ी स्थान
विराट कोहली 07
युवराज सिंह 18
सुरेश रैना 22
आर अश्विन 42
रोहित शर्मा 46
हरभजन सिंह 74
सानिया मिर्जा 93
शिखर धवन 94
COMMENT