राजस्थान उपचुनाव में गहलोत, सचिन पायलट समेत ये होंगे कांग्रेस के स्टार प्रचारक

Views : 1277  |  3 minutes read
Rajasthan-Bypoll-2021

कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान में दो विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों के नाम का ऐलान कर दिया है। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट का भी नाम शामिल हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अजय माकन व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा को भी स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है। वहीं, पार्टी ने सचिन पायलट को हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी स्टार कैंपेनर बनाया है।

केसी वेणुगोपाल ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राजस्थान में उपचुनाव के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। आपको जानकारी के लिए बता दें कि राज्य की दो सीटों वल्लभनगर और धारियावाड़ पर जल्द ही उपचुनाव होने जा रहा है। इससे पहले पिछले गुरुवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस व विधानसभा में विपक्षी दल भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। प्रदेश में दो सीटों पर 30 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा।

दोनों प्रमुख दलों ने इनको बनाया अपना प्रत्याशी

भाजपा ने वल्लभनगर विधानसभा सीट से हिम्मत सिंह झाला को तो धारियावाड़ से खेत सिंह को पार्टी प्रत्याशी बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने वल्लभनगर सीट से प्रीति शक्तावत तथा धारियावाड़ से नागराज मीणा को अपना प्रत्याशी बनाया है। मालूम हो कि ये उपचुनाव वल्लभनगर के कांग्रेस विधायक गजेंद्र शक्तावत और धारियावाड़ के भाजपा विधायक गौतम लाल मीणा के निधन के होने जाने से रिक्त हुई सीटों के लिए कराए जा रहे हैं। बता दें, 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में सत्तारूढ़ कांग्रेस के फिलहाल 106 विधायक हैं, जबकि भाजपा के 71 तो राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 3, माकपा व भारतीय ट्राइबल पार्टी के 2-2 और राष्ट्रीय लोकदल का एक विधायक है। इनके अलावा निर्दलीय विधायकों की संख्या 13 हैं।

Read Also: भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी से मेनका और वरुण गांधी को किया बाहर

COMMENT