भारत में एक करोड़ लोगों का हुआ कोरोना टीकाकरण: स्वास्थ्य मंत्रालय

Views : 1983  |  3 minutes read
Corona-Vaccination-India

देश में कोरोना टीकाकरण का आंकड़ा एक करोड़ के पार पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान में एक दिन में सर्वाधिक टीके 18 फरवरी (गुरुवार) को लगाए गए। मंत्रालय के संयुक्त सचिव मनदीप भंडारी ने बताया कि गुरुवार को छह लाख 58 हजार 674 लोगों को टीका लगाया गया। इसके साथ ही भारत ने एक करोड़ लोगों को टीका लगाने का आंकड़ा छू लिया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम छह बजे तक एक करोड़ चार लाख 49 हजार 942 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।

70 लाख से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को लगा टीका

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव भंडारी ने बताया कि देश में अब तक 70 लाख 52 हजार 845 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण हुआ है। इनमें से 62 लाख 95 हजार 903 को टीके की पहली खुराक दी गई है। वहीं, सात लाख 56 हजार 942 लोगों को दूसरी खुराक दी गई है। 33 लाख 97 हजार 97 अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं को टीका लगा है। उन्होंने बताया कि 12 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों में 75 फीसदी से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली खुराक लगाई गई है। इसमें बिहार में 84.7 फीसदी, त्रिपुरा में 82.9 फीसदी, ओडिशा में 81.8, लक्षद्वीप में 81, गुजरात में 80, छत्तीसगढ़ में 79.7, उत्तराखंड में 77.2, मध्यप्रदेश में 77, झारखंड और उत्तर प्रदेश में 75.6, हिमाचल प्रदेश में 75.4 और राजस्थान में 75 फीसदी स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली खुराक दे दी गई है।

सात राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में 50 फीसदी से कम औसत

इसके साथ ही स्वास्थ्य संयुक्त सचिव मनदीप भंडारी ने बताया कि देश में सात राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं, जहां अब तक 50 फीसदी से कम स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड-19 के टीके की पहली खुराक लग पाई है। इनमें से लद्दाख में 49 फीसदी, तमिलनाडु में 48.8 फीसदी, दिल्ली में 46.5 फीसदी, नगालैंड में 38.6 फीसदी, पंजाब में 38.4 फीसदी, चंडीगढ़ में 34.3 फीसदी और पुडुचेरी में 30.2 फीसदी स्वास्थ्यकर्मियों का ही टीकाकरण हो पाया है। उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि भारत में 34 दिन में एक करोड़ से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं को टीका लगाया जा चुका है। यह पूरी दुनिया में दूसरा सबसे तेज कोरोना टीकाकरण है।

Read More: इन 5 चीजों को अपनी डायट में शामिल कर दूर करें आयरन की कमी

COMMENT