निक बटर: दुनिया का पहला शख्स जिसने सभी देशों में मैराथन दौड़ बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Views : 5315  |  0 minutes read

जब कुछ कर गुजरने का जुनून चढ़ जाए तो कुछ भी मुश्किल नहीं है, जी हां ऐसा ही किया एक शख्स ने जिन्होंने ​दुनिया के सभी देशों की मैराथन दौड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। यह शख्स इंग्लैंड के ब्रिस्टल शहर निवासी निक बटर है। उन्होंने अब तक दुनिया के सभी 196 देशों में आयोजित मैराथन में भाग लिया और दौड़कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले शख्स बन गए हैं।

30 वर्षीय निक बटर ने अपनी आखिरी मैराथन रविवार 10 नवंबर को ग्रीस की राजधानी एथेंस में 26.2 मील की दूरी तय कर पूरी की। निक ने इस मैराथन दौड़ की शुरूआत जनवरी, 2018 में कनाड़ा से की थी। इस अनोखे मैराथन रिकॉर्ड को बनाने के लिए निक को 674 दिन का समय लगा। यानि हर सप्ताह एक या दो मैराथन की।

निक इससे पूर्व बैंकर रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें ऐसा करने की प्रेरणा उनके दोस्त केविन वेबर से मिली। जिसे प्रोस्टेट कैंसर था। उन्होंने बताया कि इससे उनके जीवन पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ा और तभी उन्होंने सोच लिया कि वह अपने हिसाब से अपनी लाइफ जिएगा।

उन्होंने इस सफर के दौरान करीब 1 करोड़ 79 लाख रुपए की राशि एकत्रित की है। इस राशि को वह कैंसर पीड़ितों को दान करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि मैराथन का उनका अनुभव बेहतरीन था। वो जहां भी गए, लोगों ने उनका भरपूर साथ दिया। बटर ले कहा कि इस दौरान उन्होंने 10 पासपोर्ट प्राप्त किए, 455 उड़ानें की, 15 युद्ध क्षेत्रों में दौड़े।

निक ने इस अनोखे मैराथन रिकॉर्ड बनाने के दौरान कई परेशानियों का भी सामना किया था। दौड़ के दौरान कई बार उन्हें कुत्तों ने भी काट लिया। एक बार तो उन्हें एक कार ने टक्कर भी मार दी थी।

COMMENT