नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग में जीता सिल्वर मेडल, एक बार फिर तोड़ा नेशनल रिकॉर्ड

Views : 908  |  3 minutes read
Neeraj-Chopra

टोक्यो ओलंपिक के भारत के लिए एकमात्र गोल्ड मेडल जीतने वाले जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया हैै। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। स्टॉकहोम में आयोजित प्रतियोगिता में नीरज चोपड़ा ने अपने पहले ही प्रयास में 89.94 मीटर दूर भाला फेंका। इसके दूरी के साथ उन्होंने अपने ही नेशनल रिकॉर्ड को सुधारा है। आपको बता दें कि इससे पहले 14 जून को नीरज ने पावे नुरमी खेलों में 89.30 मीटर दूर थ्रो किया था।

चार दिन पहले कुओर्ताने खेलों में जीता था गोल्ड

मालूम हो कि जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने हाल ही में कुओर्ताने खेलों में 86.60 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल किया था। नीरज चार साल बाद डायमंड लीग में हिस्सा लेने उतरे। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2018 में ज्यूरिख में इस लीग में भाग लिया था। तब 85.73 मीटर थ्रो करके चौथा स्थान हासिल किया था। उस समय भी नीरज ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।

अगले महीने विश्व चैंपियनशिप में भाग लेंगे नीरज

भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर चोपड़ा ने अब तक सात बार डायमंड लीग में हिस्सा लिया है। उन्होंने साल 2017 में तीन और वर्ष 2018 में चार बार इस लीग में भाग लिया था। हालांकि, तब वह कोई भी पदक नहीं जीत पाए थे। लेकिन दो बार उन्होंने चौथा स्थान हासिल किया।

आपको बता दें कि अगले महीने होने वाली विश्व चैंपियनशिप से पहले नीरज चोपड़ा के लिए यह सबसे बड़ा टूर्नामेंट है। इस मुकाबले में टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले तीनों विजेता भी मैदान में उतरे थे। वहीं, वर्तमान में सबसे ज्यादा बार 90 मीटर की दूरी को पार करने वाले जर्मनी के स्टार जेवलिन थ्रोअर जोहानेस वेटर ने इस बार चोट के कारण लीग में भाग नहीं लिया है।

इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट में कप्तान होंगे जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत को मिली उपकप्तानी

COMMENT