बर्थडे: स्कूलिंग के दौरान गर्मियों की छुट्टी में नौकरी किया करते थे महेश भट्ट

Views : 5913  |  4 minutes read
Mahesh-Bhatt-Biography

हिंदी फिल्मों के निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। महेश को एक ऐसे निर्देशक के रूप में जाना जाता है, जिसने बॉलीवुड को लीक से हटकर फिल्में दीं। बाॅलीवुड में ‘सारांश’, ‘सड़क’, ‘आशिकी’, ‘अर्थ’, ‘जुनून’, ‘संघर्ष’ जैसी फिल्में महेश भट्ट ने ही बनाई हैं। अपनी फिल्मों के जरिए भट्ट ने बॉलीवुड में अपना एक अलग दर्शक वर्ग बनाया। उनकी कई फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर सफलता भी मिलीं। फिल्मों के इतर भट्ट अपने बयानों से कई बार कंट्रोवर्सी में फंस चुके हैं। इस खास अवसर पर जानिए बाॅलीवुड फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट के जीवन के बारे में कुछ रोचक बातें…

कम उम्र में शुरू कर दिया था पैसा कमाना

फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट का जन्म 20 सितंबर, 1948 को बॉम्बे (मुंबई) में नानाभाई भट्ट के घर हुआ था। उनके पिता गुजराती ब्राह्मण थे, वहीं उनकी मां शिरीन मोहम्मद अली गुजराती मुस्लिम थीं। महेश भट्ट ने अपनी स्कूलिंग मुंबई से की है। बेहद कम उम्र में ही महेश ने पैसा कमाना शुरू कर दिया था। भट्ट स्कूल की समर वेकेशन में नौकरी किया करते थे।

26 की उम्र में बतौर निर्देशक करियर हुआ शुरू

महेश भट्ट ने महज 26 साल की उम्र में फिल्म ‘मंजिलें और भी हैं’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म के बाद उन्होंने शबाना आज़मी और विनोद खन्ना स्टारर फिल्म ‘लहू के दो रंग’ निर्देशित की। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई। फिल्मफेयर अवॉर्ड शो में यह फिल्म दो अवॉर्ड अपने नाम करने में सफल रहीं। इसके बाद भट्ट ने हिंदी सिनेमा में कई हिट फिल्में दीं। जिनमें ‘जख्म’, ‘दिल है कि मानता नहीं’, ‘राज’, ‘मर्डर’, ‘गैंगस्टर’, ‘वो लम्हे’ जैसी फिल्में शामिल हैं। महेश भले ही इंडस्ट्री में बोल्ड विषयों पर फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन कहा जाता है कि उनकी फिल्में उन्हीं की निजी जिंदगी से प्रेरित होती हैं।

20 साल की उम्र में की थी पहली शादी

निर्देशक महेश भट्ट ने महज 20 साल की उम्र में पहली शादी कर ली थी। लोरेन ब्राइट और महेश को पहली नज़र का प्यार हुआ और दोनों ने इसे शादी में बदलने का फैसला कर लिया था। शादी के बाद लोरेन ब्राइट ने अपना नाम बदलकर किरण भट्ट रख लिया। इस शादी से दोनों को एक बेटी पूजा भट्ट और एक बेटा राहुल भट्ट हैं।

अपनी लव लाइफ को लेकर विवादों में रहे

बॉलीवुड डायरेक्टर महेश भट्ट अपने फिल्मों से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर ज्यादा चर्चाओं में रहते हैं। उनकी असल जिंदगी किसी ड्रामे से कम नहीं है। भट्ट की पर्सनल लाइफ विवादों से भरी हैं। बॉलीवुड में एक मुकाम हासिल करने के बाद महेश की लव लाइफ काफी विवादों में रही। महेश का नाम बॉलीवुड एक्ट्रेस परवीन बॉबी के साथ जुड़ा। वर्ष 1977 में दोनों के अफेयर की खबरें सामने आईं।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एक वक्त ऐसा भी आया जब दोनों लिव-इन में भी रहने लगे, मगर परवीन की हेल्थ प्रॉब्लम के चलते दोनों कुछ समय बाद अलग हो गए। परवीन से अलग होने के बाद महेश ने वर्ष 1986 में अभिनेत्री सोनी राजदान से शादी कर ली। इस शादी से दोनों की दो बेटियां शाहीन और आलिया भट्ट हैं।

बेटी पूजा के साथ भी जुड़ा महेश भट्ट का नाम

फिल्म निर्माता महेश भट्ट अपनी बेटी पूजा भट्ट को लेकर भी जबरदस्त आलोचनाओं का शिकार हुए हैं। दरअसल,  90 के दशक में एक तस्वीर सामने आई थीं, जिसमें महेश और पूजा भट्ट एक-दूसरे को लिप किस करते नजर आ रहे थे। इस तस्वीर के आने के बाद फैंस और आम लोगों में हड़कंप मच गया। इस फोटो को लेकर महेश को जान से मारने तक की धमकी दी गई।

Mahesh-Bhatt

यही नहीं महेश भट्ट अपनी बेटी पूजा के साथ शादी की इच्छा भी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने पूजा भट्ट को लेकर बयान दिया था कि अगर वो उनकी बेटी नहीं होती तो जरूर उससे शादी कर लेते। इस बयान को लेकर वह लोगों के निशाने पर आ गए थे। साल 2020 में आई फिल्म ‘सड़क-2’ उनकी अंतिम बार निर्देशित की गई फिल्म है, जिसको उनकी बेटी पूजा भट्ट ने प्रोड्यूस किया था। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘जुदा होके भी’ और साल 2023 में रिलीज ‘1920: हॉरर्स ऑफ़ द हार्ट’ की कहानी का लेखन किया है।

Read: यश जौहर को मुंबई भेजने के लिए मां ने घर से गायब कर दिए थे गहने और पैसे

COMMENT