महाराष्ट्र का चंद्रपुर दुनिया में सबसे गर्म, कई राज्यों में बढ़ा गर्मी का प्रकोप

Views : 5588  |  0 minutes read
chaltapurza.com

मई माह लगभग खत्म होने को है और जून शुरू होने वाला है। भारत में जून की गर्मी की चर्चा गर्म मौसम में होने लगती है। जून को हिन्दू पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ या जेठ का महीना भी कहा जाता है। इस महीने में देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ती है। इन दिनों भी ऐसा ही गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक हर जगह लोग बढ़ते तापमान से बेहाल हैं। महाराष्ट्र में गर्मी अपने चरम पर है। बीते मंगलवार को चंद्रपुर में 47.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो दुनिया में सबसे ज्यादा था। इसे देखते हुए आने वाले 4 दिनों के लिए राज्य के विदर्भ क्षेत्र में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

chaltapurza.com

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित समूचे उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में लोगों को अगले दो-तीन दिन तक चिलचिलाती गर्मी एवं शुष्क मौसम से राहत नहीं मिलने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, देश के सीमावर्ती राज्यों में जम्मू-कश्मीर के जम्मू एवं राजस्थान में भी गर्मी अपने चरम पर है। दक्षिण भारत के तेलंगाना में भी लू का प्रकोप जारी है। बीते मंगलवार के अलावा बुधवार को भी कई राज्यों में तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया है।

chaltapurza.com
राजधानी दिल्ली में तापमान 40 डिग्री के पार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्थानीय मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हवा में नमी का स्तर 15 और 57 प्रतिशत के बीच घटता-बढ़ता रहा। दिल्ली में बुधवार के दिन भी भीषण गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान जताया गया था और पारा 44 डिग्री सेल्सियस को छूने की आशंका जताई गई है।

Read More: इंडियन आर्मी ने बड़े अफसरों के प्रमोशन पर लगाया होल्ड, जानें क्या है इसकी वजह

प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट ने कहा था कि मई के शेष दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के कुछ भागों में लू चल सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, हैदराबाद ने चेतावनी दी है कि तेलंगाना के सभी जिलों व सुदूरवर्ती इलाकों में बुधवार से 31 मई तक लू की स्थिति बने रहने की आशंका है। रेगिस्तानी प्रदेश राजस्थान में भी गर्मी ने लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए सोचने पर मजबूर कर रखा है।

COMMENT