जयपुर के आसमान में 14 जनवरी को उड़ते दिखाई देंगे हजारों राफेल!

Views : 3786  |  0 minutes read

14 जनवरी यानि मकर संक्रांति के दिन जयपुर के आसमान में आपको हजारों की संख्या में राफेल उड़ते दिखाई देंगे। फर्क सिर्फ इतना होगा कि ये राफेल कोई हवाई जहाज नहीं ​बल्कि पतंग के रूप में उड़ेंगे।

दरअसल राजस्थान कांग्रेस ने राफेल मुद्दे पर सरकार को घेरने का नया और एक्सक्लूसिव प्लान बनाया है जिसके तहत कांग्रेस ने करीब 20 हजार राफेल पतंगे बनवाई है जिनपर राफेल मुद्दे से जुड़े सवाल लिखे होंगे और ये पतंगे जनता के बीच बांटी जाएगी।

आज राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इन राफेल पंतगों का विमोचन किया जिन्हें कांग्रेस अभाव अभियोग प्रकोष्ठ ने बनवाया है।

कांग्रेस प्रकोष्ठ पंकज शर्मा ने बताया कि इन राफेल पंतगों पर राफेल डील से जुड़े सवाल लिखे होंगे जिससे जनता को भी मालूम चलेगा कि भाजपा ने अभी तक इन सवालों के जवाब क्यों नहीं दिए है। वैसे लोगों तक अपनी बात पहुंचाने का ये तरीका किसी पार्टी द्वारा अपनाया गया एक अनोखा ही प्रयास माना जा रहा है।

अभी जयपुर में किसान रैली में शामिल होने आए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी यहां किसानों के बीच राफेल का मुद्दा छेड़ा था और संसद में भी लगातार राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी पर राफेल डील को लेकर ही हमला किए जा रहे हैं। अब देखना ये होगा कि कांग्रेस की ये राफेल पतंग जयपुर से उड़कर दिल्ली तक पहुंचती है या नहीं।

COMMENT