इंदौर टेस्ट: मयंक अग्रवाल ने कॅरियर के 8वें मैच में जमाया दूसरा दोहरा शतक

Views : 4404  |  0 minutes read
Mayank-Agarwal

टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट की सीरीज का पहला मैच इंदौर के होल्कर मैदान पर खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को खेल समाप्ति तक भारत ने 6 विकेट के नुकसान पर 493 रन बना लिए। दूसरे दिन मयंक अग्रवाल ने अपने कॅरियर के 8वें टेस्ट में दूसरा दोहरा शतक लगाया। उन्होंने 330 गेंदों का सामना करते हुए 28 चौके और आठ सिक्स की मदद से 243 रन की शानदार पारी खेली। मयंक को मेहदी हसन ने अबु जायेद के हाथों कैच कराते हुए आउट किया।

मयंक अग्रवाल के अलावा अजिंक्य रहाणे ने 86 और चेतेश्वर पुजारा ने 54 रन बनाए। रविंद्र जडेजा 60 रन के स्कोर पर नाबाद लौटे। उमेश यादव 10 गेंदों पर 25 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। बांग्लादेश की ओर से अबु जायेद ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए। इससे पहले गुरुवार को मैच के पहले दिन बांग्लादेश की पहली पारी 150 रन पर सिमट गईं। पहले दिन की खेल समाप्ति तक भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 86 रन बना लिए थे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने बांग्लादेश पर 343 रनों की बड़ी बढ़त बना ली।

सिक्स के साथ दोहरा शतक पूरा दूसरे बल्लेबाज

मयंक अग्रवाल ने दूसरे दिन छक्के के साथ दोहरा शतक पूरा किया। वे यह कारनामा करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले रोहित शर्मा ने सिक्स लगाते हुए अपना दोहरा शतक पूरा किया था। मयंक ने अपने टेस्ट कॅरियर की 12वीं पारी में दोहरा शतक लगाने का कमाल किया है। इसी के साथ उन्होंने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर सर डॉन ब्रैडमैन का 13 पारियों में दूसरा दोहरा शतक बनाने का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया।

सबसे तेज 2 दोहरे शतक लगाने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली के नाम है। कांबली ने अपने टेस्ट कॅरियर की 5वीं पारी में दूसरा दोहरा शतक जड़ दिया था। टेस्ट में सबसे तेज दो दोहरे शतक लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर लॉरेंस रोवे 14 पारियों के साथ चौथे और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ 15 पारियों के साथ पांचवें नंबर पर हैं।

Read More: अक्षय कुमार की इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करेंगी मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर

पिछली पांच पारियों में मयंक ने जड़ा दूसरा दोहरा शतक

टीम इंडिया के ओपनर मयंक अग्रवाल ने टेस्ट में पिछली पांच पारियों में दूसरी बार दोहरा शतक लगाया है। इससे पहले उन्होंने इसी साल अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ विशाखापट्टनम में खेले गए टेस्ट में दोहरा शतक ठोका था। ख़ास बात यह है कि मयंक ने यह दोनों शतक घरेलू मैदान पर और टेस्ट की पहली पारी में लगाए हैं।

COMMENT