‘राहुल गांधी’ नाम इस लड़के के लिए कैसे पनौती बन गया, पढ़िए…

Views : 5206  |  0 minutes read

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का समय ठीक नहीं चल रहा। दो बार लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया। जहां देखो उन पर केस हो रहे हैं। वो आए दिन मानहानि के मुकदमों में फंस रहे हैं। वो खुद जहां जाते हैं वहीं मजाक बनकर रह जाते हैं। खुद राहुल तो परेशाान चल रहे हैं मगर इस नाम ने एक लड़के की जिंदगी भी नरक कर दी है।

इंदौर वाला राहुल गांधी नाम से है परेशान

मध्यप्रदेश के इंदौर में रहता है एक लड़का। संयोग से इस लड़के का नाम भी राहुल गांधी ही है। इंदौर वाले राहुल गांधी के जीवन का सबसे बड़ा दुख ये है कि उनका नाम राहुल गांधी है। इस लड़के को अपने नाम से फोन की सिम तक नहीं मिलती क्योंकि जब ये दुकानदारों को अपना नाम राहुल गांधी बताता है तो वो इसे मजाक समझते हैं। ताजुब्ब की बात है कि राहुल के पास इस नाम का पहचान पत्र भी है मगर कोई उसकी बात मानने को तैयार नहीं होता।

ना फोन की सिम मिल पाई, ना लोन

सब लोग इसे फर्जी समझते हैं। इंदौर के राहुल गांधी बताते हैं कि इस नाम की वजह से उनको ना तो खुद के नाम से फोन की सिम मिल पाई है और ना ही कोई बैंक उनके नाम पर लोन देता है। जब भी वो किसी बैंक में लोन के लिए जाते हैं उनके नाम की वजह से उनकी एप्लीकेशन तक अप्रूव नहीं होती। किसी नए व्यक्ति से मिलते हैं या किसी को कॉल करके जब अपना परिचय देते हैं तो हर कोई मजाक समझकर कॉल काट देता है। जब कोई नाम पूछता है और वो बताते हैं तो कोई उनको सीरियसली नहीं लेता।

नाम बदलने के लिए कानून की लेंगे मदद

अब इंदौर वाले राहुल गांधी इतने ज्यादा परेशान हैं कि वो कोर्ट में अपने सरनेम को चेंज करवाने की अर्जी देने वाले हैं। राहुल गांधी की इंदौर में कपड़े की दुकान हैं। वो बताते हैं कि उनके दिवंगत पिता राजेश मालवीय बीएसएफ में वॉशरमैन की नौकरी करते थे। वहीं सब उनके पिता को गांधी कहकर बुलाते थे। बाद में उनके पिता ने अपना उपनाम गांधी लगा लिया। राहुल का भी सरनेम गांधी रखा गया। इसी नाम से स्कूल में उनका दाखिला कराया गया। मगर उनके पिता भी नहीं जानते थे कि बेटे का नाम राहुल गांधी रखकर वो इतनी बड़ी मु​सीबत खड़ी कर रहे हैं। राहुल ने बताया कि अब वो कानूनी प्रक्रिया के जरिए अपना सरनेम गांधी से बदलकर मालवीय करने के मूड में हैं।

COMMENT