लोकसभा चुनाव 2019 में इन सितारों से थी कई पार्टियों को उम्मीद, पढ़ें कौन जीता और कौन हारा

Views : 4486  |  0 minutes read

लोकसभा चुनाव 2019 का घमासान 23 मई को थम गया है, और भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल एनडीए को भारी बहुमत मिला है। जीत के कारण चाहे कुछ भी रहे हों, लेकिन इस बीच भारतीय सिनेमा जगत से आये सितारों की भी खूब धूम रही। जहां चुनावी दंगल में कुछ सितारे राजनीति में अनुभवी थे, तो कुछ ने पहली बार राजनीति में कदम रखा। कुछ पार्टी के मुखिया के साथ तर गये तो कुछ पहली बार ही में ही हार गये। यहीं नहीं कई पार्टियों ने इन फिल्मी सितारों को चुनावी मैदान में उतार कर फायदा उठाया तो कई को निराशा हाथ लगी।

तो आइए जानते हैं इस चुनावी दंगल में किसे मिली जीत तो किसे मिली हार?

हेमा मालिनी

‘ड्रीमगर्ल’ के नाम से मशहूर हेमा मालिनी जितनी बॉलीवुड में सफल रही, उतनी ही राजनीति के मैदान में भी सफल रही हैं। वर्ष 2003 से 2009 तक राज्यसभा सदस्य रहने के बाद 2014 में वे पहली बार उत्तर प्रदेश की मथुरा संसदीय क्षेत्र से जीतकर लोकसभा में पहुंची। इस बार भी उन्हें मथुरा से भाजपा का प्रत्याशी बनाया गया। इस बार भी उन्होंने महागठबंधन के राष्ट्रीय लोक दल प्रत्याशी कुंवर नरेंद्र सिंह को दो लाख 93 हजार वोटों से मात दे कर जीत हासिल की।

जया प्रदा

बॉलीवुड अभिनेत्री जया प्रदा ने लोकसभा चुनाव 2019 में इस बार भाजपा की प्रत्याशी के तौर पर उत्तर प्रदेश की रामपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरी। उनके ​खिलाफ महागठबंधन के उम्मीदवार आजम खान थे, जिन्हें करीब एक लाख वोटों से हरा कर जीत हासिल की।

उर्मिला मातोंडकर

उर्मिला मातोंडकर ने भी लोकसभा चुनाव में इस बार किस्मत अजमाया। इस बार वह कांग्रेस की प्रत्याशी के तौर पर महाराष्ट्र की उत्तरी मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ी। उनके सामने भाजपा के प्रत्याशी गोपाल शेट्टी थे, जिन्होंने 4 लाख 65 हजार वोटों से उर्मिला को मात दी।

मुनमुन सेन


अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री मुनमुन सेन को तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट चुनाव लड़ा। उनके सामने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबुल सुप्रियो चुनाव मैदान में थे। बाबुल सुप्रियो ने मुनमुन सेन को एक लाख 97 हजार वोटों से हराया।

सनी देओल

धर्मेन्द्र के बेटे और बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे। उन्हें पार्टी ने पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा था। सनी देओल ने कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ को करीब 82 हजार वोटों से हराते हुए जीत हासिल की।

रवि किशन

भोजपुरी सिनेमा के अभिनेता रवि किशन को उत्तर प्रदेश में गोरखपुर लोकसभा सीट से भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी महागठबंधन के सपा प्रत्याशी रामभुआल निषाद को करीब तीन लाख वोटों से मात दी।

शत्रुघ्न सिन्हा

कभी भाजपा के शासनकाल में मंत्री और पिछली लोकसभा में सांसद रहे अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने बगावती तेवर के चलते कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम लिया। वह बिहार की पटना साहिब लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और उन्हें भाजपा के दिग्गज नेता और केन्द्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद से दो लाख 84 हजार वोटों से मात खानी पड़ी।

राज बब्बर

बॉलीवुड के अभिनेता और कांग्रेस के दिग्गज नेता राज बब्बर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी से चुनाव मैदान में थे। उनके सामने भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर थे, जिन्होंने करीब पांच लाख वोटों से उन्हें हराते हुए जीत दर्ज की।

मिमी चक्रवर्ती


बांग्ला सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर मैदान में थीं, उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अनुपम हाजरा को करीब तीन लाख वोटों से हराते हुए जीत हासिल की।

नुसरत जहां

बांग्ला फिल्म जगत की मशहूर अदाकारा नुसरत जहां ने पश्चिम बंगाल की बशीरहाट लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सायंतन बसु को 3 लाख 50 हजार वोटों से हरा कर जीत दर्ज की।

निरहुआ

भोजपुरी फिल्म के जु​बली स्टार निरहुआ लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़े। उनका मुकाबला समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ था। निरहुआ को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

COMMENT