गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा और नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी ने दिया इस्तीफा

Views : 3547  |  3 minutes read
Gujarat-Congress-News

एक समय देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी रही कांग्रेस साल दर साल कमजोर होती जा रही है। कांग्रेस की वर्तमान हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह देशभर में नाम मात्र राज्यों में सत्ता पर आसीन रह गई है। उसकी जगह अब लोग दूसरे नये राजनीतिक दलों को तरजीह देने लगे हैं। गत लोकसभा चुनाव के बाद से उसके कई नेता पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। इसी कड़ी में अब गुजरात कांग्रेस के दो बड़े नेता का नाम शामिल हो गया है। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा और नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी ने मंगलवार को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।

निकाय चुनाव का परिणाम हमारी उम्मीदों के विपरीत: चावड़ा

आपको बता दें कि गुजरात राज्य में हाल में हुए स्थानीय निकाय के चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद दोनों नेताओं ने आलाकमान के सामने इस्तीफे की पेशकश की थी, जिसे मंगलवार को स्वीकार कर लिया गया। वहीं, इस्तीफा देने के बाद चावड़ा ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव का परिणाम हमारी उम्मीदों के एकदम विपरीत आए हैं। हम जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं। मैं यहां पार्टी अध्यक्ष के रूप में इस हार की जिम्मेदारी लेता हूं। हम आगे भी लोगों के लिए काम करना जारी रखेंगे।

गौरतलब है कि साल 2017 के आखिरी में गुजरात विधानसभा के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए बीजेपी को कड़ी टक्कर दी थी। कांग्रेस ने इस चुनाव में बीजेपी की 99 सीटों के मुकाबले 77 सीटों पर जीत दर्ज की। लेकिन उसके बाद अब हुए स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बहुत की फ़ीका रहा और करारी हार का सामना करना पड़ा। निकाय चुनाव में जहां गुजरात में आप का उदय हुआ, कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। इन चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का दबदबा बरकरार है।

पंजाब सीएम अमरिंदर सिंह के प्रधान सलाहकार बने प्रशांत किशोर, कैबिनेट मंत्री का मिलेगा दर्जा

COMMENT