आजादी का अमृत महोत्सवः पांच से 15 अगस्त तक सभी ऐतिहासिक स्मारकों में मिलेगा निःशुल्क प्रवेश

Views : 1129  |  3 minutes read
Azadi-ka-Amrit-Mahotsav

देश के सभी ऐतिहासिक स्मारकों और स्थलों में अगले 10 दिन तक पर्यटकों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। भारत सरकार की ओर से यह आदेश जारी किया गया है। सरकार का यह आदेश पांच अगस्त यानि आज शुक्रवार से लागू होगा। इसके तहत पर्यटक 15 अगस्त, 2022 तक देशभर की ऐतिहासिक इमारतों में फ्री एंटी ले सकेंगे।

आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ऐलान

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने देशभर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों और स्थलों में पांच से 15 अगस्त तक निःशुल्क प्रवेश की घोषणा की। आपको बता दें कि यह भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ समारोह के हिस्से के रूप में किया जा रहा है।

केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी

संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने एक ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘आजादी का अमृत महोत्सव और 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में 5 से 15 अगस्त, 2022 तक देश भर में अपने सभी संरक्षित स्मारकों या स्थलों पर पर्यटकों के लिए प्रवेश निःशुल्क कर दिया है।’

वर्तमान में एएसआई के संरक्षण में हैं 3,691 स्मारक

बता दें कि केंद्र सरकार के इस आदेश में ताजमहल, लाल किला, सांची के स्तूप, खुजराहो, फतेहपुर सीकरी, हवामहल आदि शामिल हैं। वर्तमान में एएसआई भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण में 3,691 स्मारक हैं, जिनमें सबसे अधिक 745 स्मारक उत्तर प्रदेश में हैं। इनमें से 143 स्थलों एवं स्मारकों पर प्रवेश के लिए शुल्क लगता है।

गौरतलब है कि देश 15 अगस्त को अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस अवसर को व्यापक स्तर पर सेलिब्रेट करने के लिए भारत सरकार ने एक खास अभियान भी चला रखा है। इसी के तहत हाल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भी शुरू किया गया है। इसके फलस्वरूप 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर हर घर में तिरंगा पहरा कर इस दिन को सेलिब्रेट किया जाएगा।

अब अठारह वर्ष के होने से पहले वोटर लिस्ट में नाम जुड़वा सकेंगे, निर्वाचन आयोग ने की घोषणा

COMMENT