यूपी के पूर्व शिक्षा मंत्री व रामपुर सांसद रहे डॉ. नैपाल सिंह का निधन

Views : 3502  |  3 minutes read
Ex-MP-Naipal-Singh

देश में कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिए लागू लॉकडाउन के बीच यूपी की राजनीति के लिए एक दुखद खबर आई है। उत्तर प्रदेश के पूर्व माध्यमिक शिक्षा मंत्री और रामपुर के पूर्व सांसद डॉ. नैपाल सिंह का निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, रामपुर के जिगर कॉलोनी स्थित आवास पर शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे ह्रदयगति रुकने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, उन्हें एक निजी चिकित्सक के पास भी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कैबिनेट मंत्री, एमएसी, नेता प्रतिपक्ष और सांसद रहे

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में वरिष्ठ नेताओं में से एक डॉ. नैपाल सिंह मुरादाबाद-बरेली शिक्षक निर्वाचन खण्ड के पांच बार एमएलसी, दो बार प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री, एक बार रामपुर से सांसद, एक बार महानगर संघ चालक और एक बार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष रहे थे। डॉ. नैपाल सिंह की अचानक मौत की ख़बर सुनकर उनके आवास पर अंतिम दर्शन करने के लिए बीजेपी नेताओं और क्षेत्र के लोगों का जमावड़ा लग गया।

Read More: लॉकडाउन के दिशा-निर्देशों को लेकर असमंजस में है सरकार- सोनिया गांधी

उल्लेखनीय है कि यूपी के वरिष्ठ बीजेपी नेता डॉ. नैपाल सिंह अलीगढ़ में अतरौली के पास चंदोला गांव के रहने वाले थे। सिंह अपने परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और दो बेटे पीछे छोड़कर गए हैं। उनका एक बेटा इंजीनियर है और दूसरा राजनीति में है जो भारतीय जनता पार्टी का जिला मंत्री रह चुका है। जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री डॉ. नैपाल सिंह की शनिवार सुबह करीब 10 बजे मोक्षधाम में अंत्येष्टि की जाएगी।

COMMENT