पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और कमेंटेटर डीन जोंस का हार्ट अटैक से मुंबई में निधन

Views : 2281  |  3 minutes read
Dean-Jones-Death

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज और आईपीएल कमेंटेटर डीन जोंस का असामयिक निधन हो गया है। आईपीएल के लिए स्टार स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम का हिस्सा रहे जोंस को गुरुवार को अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। 59 वर्षीय डीन जोंस बायो सिक्योर बबल में मुंबई के एक सात सितारा होटल में ठहरे हुए थे। पूर्व क्रिकेटर जोंस के निधन पर भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली, कोच रवि शास्त्री, पूर्व क्रिकेटर ​वीरेंद्र सहवाग, इरफान पठान समेत कई क्रिकेट हस्तियों ने शोक जताया है। साथ ही उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

ऐसा रहा डीन का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट ​कॅरियर

पूर्व क्रिकेटर डीन जोंस ऑस्ट्रेलिया के अब तक के टॉप फील्डर्स में से एक माने जाते थे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में दो दोहरे शतक लगाए थे, जिसमें भारत के खिलाफ वर्ष 1986 में उनके द्वारा चेन्नई में खेली गई 210 रन की पारी भी शामिल है। जोंस ने वर्ष 1984 से 1992 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए 52 टेस्ट और 164 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे। क्रिकेट के दोनों फॉर्मेट में उनका औसत 45 के करीब रहा।

Read: भारत को 1983 का क्रिकेट विश्व कप जीताने में मोहिंदर अमरनाथ की रही थी अहम भूमिका

डीन जोंस ने टेस्ट क्रिकेट में 46.55 की औसत से 11 शतक और 14 अर्धशतक के दम पर कुल 3631 रन बनाए थे। जबकि वन-डे में उन्होंने 46 अर्धशतक और सात शतक की मदद से 6068 रन बनाए थे। जोंस का वन-डे में भी औसत 45 के करीब था। वह पिछले लंबे समय से क्रिकेट से जुड़े हुए थे और आंखों-देखा हाल यानी कमेंट्री सुना रहे थे। डीन जोंस इन दिनों आईपीएल की कमेंट्री के लिए ही भारत आए हुए थे।

COMMENT