निर्मला सीतारमण 100 प्रभावशाली महिलाओं की लिस्‍ट में, ऐसा रहा सेल्स गर्ल से संसद तक का सफर

Views : 4512  |  0 minutes read

केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को ब्रिटेन-भारत के रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए 100 सबसे प्रभावशाली महिलाओं की लिस्ट में जगह दी गई है। उनको यह सम्मान ब्रिटेन की कैबिनेट मंत्री पेनी मॉरडाउंट के साथ दिया गया है।

बीते सोमवार को भारत दिवस के मौके पर संसद में यह लिस्ट जारी की गई जिसमें पूर्व रक्षा मंत्री के द्विपक्षीय संबंधों में कारगर फैसलों की भूमिका को सराहा गया है। वर्तमान में सीतारमण कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

अपने टैलेन्ट और मेहनत के बलबूते पर समाज और देश के सामने एक मिसाल कायम करने वाली सीतारमण का राजनीतिक सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। आइए एक नजर डालते हैं उनके सफर पर।

पेशे से अर्थशास्त्री हैं सीतारमण

देश की कई महिलाओं का प्रेरणा स्रोत माने जानी वाली निर्मला सीतारमण का जन्म 18 अगस्त 1959 को तमिलनाडू के मदुरै में हुआ। पिता की नौकरी भारतीय रेलवे में होने के कारण निर्मला ने शुरू से ही देश के कई राज्यों में दिन बिताए हैं। स्कूली शिक्षा हासिल कर सीतारमण ने सीतालक्ष्मी रामास्वामी कॉलेज में एडमिशन लिया जहां से बीए पूरा किया। बाद में जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी से एमए इकोनॉमिक्स और एमफिल किया।

पारिवारिक मामले की बात करें तो निर्मला सीतारमण की शादी आंध्र प्रदेश के रहने वाले डॉक्टर पराकाला प्रभाकर से हुई। शादी के बाद निर्मला प्रभाकर के साथ लंदन रहने चली गई। बताया जाता है कि वहां रहने के दौरान सीतारमण ने होम डिकोर में सेल्स गर्ल तो प्राइसवॉटरहाउस कूपर्स में सीनियर मैनेजर का भी काम किया है।

देश की पहली महिला रक्षा मंत्री

2008 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के बाद पार्टी ने सबसे पहले सीतारमण को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी। साल 2014 में मोदी सरकार बनने के बाद उन्हें कैबिनेट में जगह दी गई। कैबिनेट विस्तार के समय 26 मई 2016 सीतारमण को वाणिज्य और उद्योग (स्वतंत्र प्रभार) तथा वित्त व कारपोरेट मामलों में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। वहीं 3 सितंबर 2017 को सीतारमण ने देश की पहली महिला रक्षा मंत्री पद की शपथ ली।

इसके अलावा सुखोई-30 लड़ाकू विमान उड़ाने वाली भी निर्मला सीतारमण पहली महिला रक्षा मंत्री बनी जिन्होंने 17 जनवरी 2018 को उड़ान भरी।

COMMENT