डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में वैदिक मंत्रों के साथ हिंदू पुजारी से कराया शांति पाठ

Views : 4638  |  3 minutes read
White-House-USA

ख़तरनाक कोरोना वायरस से दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका ने संकट के इस समय में सनातन संस्कृति को याद किया है। यूएस सरकार ने अपने यहां वैदिक शांति पाठ काराया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने महामारी के इस दौर में राष्ट्रीय सेवा दिवस के मौके पर व्हाइट हाउस में सभी के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन कराया। बता दें, व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में यह आयोजन हिंदू पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

Donald-Trump-USA

स्वामीनारायण मंदिर के पुजारी ने पढ़ा शांति पाठ

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आमंत्रण पर न्यूजर्सी के बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर के पुजारी हरीश ब्रह्मभट्ट इस मौके पर प्रार्थना करने के लिए मौजूद अन्य धर्मों के नेताओं के साथ शामिल हुए। उन्होंने कहा, कोरोना वायरस, सामाजिक दूरी और लॉकडाउन के इस मुश्किल दौर में लोग बेचैनी और अशांति महसूस कर रहे हैं। शांति पाठ ऐसी प्रार्थना है जिसमें दुनिया भर की शोहरत, सफलता, नाम की गुज़ारिश नहीं होती।

उन्होंने संस्कृत में प्रार्थना शुरू करने से पहले कहा, यह शांति के लिए खूबसूरत हिंदू प्रार्थना है, जो यजुर्वेद से ली गई वैदिक प्रार्थना है। उन्होंने बाद में प्रार्थना का अंग्रेजी अनुवाद भी किया। ब्रह्मभट्ट ने कहा कि यह प्रार्थना स्वर्ग में शांति की बात करती है और कहती है कि धरती और आसमान में, जल में, पेड़-पौधों पर शांति, फसलों पर शांति हो। ओम शांति, शांति, शांति।

कोरोना पर कई देश चीन से नाराज, डब्ल्यूएचओ की बैठक से पहले उसके खिलाफ प्रस्ताव की तैयारी

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्रह्मभट्ट को उनकी प्रार्थना के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि अमेरिका इस समय बहुत भयानक बीमारी के ख़िलाफ़ एक भीषण जंग लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई संकट या चुनौती आई है तो हमारे लोगों ने आस्था में विश्वास, प्रार्थना की शक्ति और भगवान की अनंत महिमा में भरोसा जताया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैं सभी अमेरिका वासियों से आग्रह करता हूं कि वो अपने दिल से प्रार्थना करें। ​बता दें कि यूएस में कोरोना वायरस से बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है।

COMMENT