कोरोना वायरस: भारत में 15 अप्रैल तक विदेशियों की नो एंट्री, पर्यटन वीजा रद्द

Views : 4393  |  3 minutes read

दूसरे देशों के साथ अब भारत में भी कोरोना वायरस अपने पैर पसारने लगा हुआ है। इस खतरे को देखते हुए एवं वायरस के संक्रमण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भारत सरकार ने 15 अप्रैल तक विदेशियों के भारत आगमन पर रोक लगाते हुए पर्यटन वीजा रद्द कर दिए हैं। जानें,इस बारे में विस्तार से

सिर्फ इन लोगों को ही मिलेगी छूट

सरकार की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए 15 अप्रैल तक विदेशियों के भारत आगमन पर पर्यटन वीजा निलंबित कर दिए गए हैं मगर इनमें राजनायिकों,अधिकारियों,संयुक्त राष्ट्र संघ व अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के कर्मचारियों को छूट मिलेगी। इधर सरकार ने जर्मनी,स्पेन,व फ्रांस के नागरिकों के रेगुलर व ई वीजा पर भी बैन लगा दिया है।

जरूरी होने पर ही करें विदेश यात्रा

इधर भारत सरकार ने एक गाइडलाइन जारी कर कहा है कि भारतीय बहुत जरूरी होने पर ही विदेश यात्रा कर सकते हैं। इसके अलावा अगर कोई भारतीय विदेश की यात्रा करके लौटता है तो उसे कम से कम 2 सप्ताह अलग मेडिकल निगरानी में रहना होगा।

कोरोना से भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट

कोरोना वायरस का बुरा असर देश के शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। गुरूवार को बाजार में बहुत बडी गिरावट आ गई। सेंसेक्स 2600 तो निफ्टी 700 से ज्यादा अंक नीचे फिसल गया। दुनिया के शेयर बाजारों की भी हालत इस समय ब​हुत बुरी है।

हरियाणा में कोरोना हुई महामारी घोषित

देश में हरियाणा पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां कोरोना को महामारी घोषित कर दिया गया है। राज्य के गृह मंत्री अनिल विज ने यह जानकारी ट्वीट करके दी है। इससे पूर्व मंत्री इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर चुके हैं।

Read More: क्या है कोरोना वायरस जिसने दुनिया में मचा रखा है आतंक, कैसे करें बचाव

ट्विटर ने अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की दी सलाह

कोरोना का प्रकोप दुनिया के कई देशों में फैल चुका है। इसे देखते हुए ट्विटर ने भी अपने ब्लॉग के जरिये सभी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है और नए कर्मचारियों के इंटरव्यू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लिए जाएंगे। इधर गूगल,एपल सहित कई टेक व सोशल मीडिया कंपनियां अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रोम होम के लिए कह चुकी हैं।

COMMENT