केंद्र सरकार ने मौसम संबंधी पूर्वानुमान के लिए लॉन्च किया ‘मौसम’ एप

Views : 5059  |  3 minutes read
MAUSAM-App-Launch

देशभर के लोगों तक हर दिन बदलते मौसम और उससे जुड़ी अहम जानकारियों को आसानी से पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने एक मोबाइल एप लॉन्च किया है। पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मौसम संबंधी पूर्वानुमान के लिए सोमवार को ‘मौसम’ एप को लॉन्च किया। मौसम नाम के एप की शुरुआत के बाद देश के किसी भी कोने में रहने वाला व्यक्ति इस एप के जरिए ​मौसम की पूर्व जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेगा।

तीन संस्थानों ने मिलकर तैयार किया है ‘मौसम’ एप

जानकारी के अनुसार, इंटरनेशनल क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर सेमी-एरिड ट्रॉपिक्स, भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान, पुणे और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने साथ मिलकर मौसम एप तैयार किया है। एप की लॉन्चिंग के अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि नए उपकरणों, कंप्यूटर संबंधी संसाधनों आदि को बदलने के लिए भारी निवेश की जरूरत है। कम से कम मौजूदा बजट के दोगुने निवेश की जरूरत है।

अगले सात दिनों के मौसम का पूर्वानुमान बताएगा एप

आपको जानकारी के लिए बता दें कि ‘मौसम’ एप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल के एप स्टोर पर उपलब्ध है, यहां से इसे मोबाइल में इंस्टॉल किया जा सकता है। यह एप विभिन्न सेवाओं की पेशकश करेगा। इस एप के जरिए करीब 200 शहरों के तापमान, नमी के स्तर, हवा की रफ्तार और दिशा सहित मौसम संबंधी अन्य जानकारी मिलेगी।

Read More: भारत की चीन पर फिर डिजिटल स्ट्राइक, इस बार 47 चाइनीज एप्स पर लगाया प्रतिबंध

इसपर दिन में आठ बार सूचनाएं अपडेट की जाएंगी। मौसम एप देश के करीब 450 शहरों के लिए अगले सात दिनों के मौसम का पूर्वानुमान बताएगा। पिछले 24 घंटे की जानकारी भी एप पर उपलब्ध रहेगी। इसमें देश के सभी जिलों के लिए रंग आधारित अलर्ट (लाल, पीला, नारंगी) सिस्टम भी होगा, जिसके जरिए प्रतिकूल मौसम के बारे में लोगों को सचेत किया जाएगा।

COMMENT