तैयारियों को अंतिम रूप, 12-13 जनवरी को आयोजित होगा अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव

Views : 5516  |  0 minutes read

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यात बीकानेर का 26 वां अन्तरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव 12 और 13 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) ए. एच. गौरी ने कहा कि ऊंट उत्सव के आयोजन में सम्बंधित विभाग पूर्ण समन्वय से कार्य करते हुए तैयारियां पूरी करने का प्रयास कर रहा है। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े। स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि स्थानीय लोक संस्कृति से पर्यटकों का परिचय हो। उत्सव के दौरान शोभायात्रा, हेरिटेज वॉक भी होगी। ऊंट उत्सव का आयोजन डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होगा।

मरू संस्कृति से रूबरू होंगे पर्यटक

अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा ने बताया कि उत्सव का शुभारम्भ 12 जनवरी को जूनागढ़ के सामने शोभायात्रा से किया जाएगा। शोभायात्रा में राज्य के विभिन्न अंचलो के कलाकार, तांगे, ऊंट और ऊंट गाड़ी के साथ राजस्थानी वेशभूषा में भाग लेंगे। इसके बाद डा.करणी सिंह स्टेडियम में ऊंट नृत्य, श्रृंगार, फर कटिंग और मिस्टर बीकाणा, मिस मरवण जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जावेगा।

इसी दिन शाम को देश के विभिन्न अंचलों और राजस्थान के प्रमुख लोक कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के दूसरे दिन में शहर में रामपुरिया हवेली से बीकाजी की टेकरी तक हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा। जिसमें पर्यटकों को शहर की स्थापत्य, कला, संस्कृति, रीति रिवाज, व्यंजनों से रुबरु करवाया जाएगा। हेरिटेज वॉक में अपनी कलाओं का प्रर्दशन करते हुए कलाकार और सजे-धजे ऊंट भी सम्मिलित रहेंगे।

लगेगी रूस की प्रदर्शनी

6 से 13 जनवरी तक डिस्कवरिंग रशिया 2019 प्रदर्शनी का आयोजन लक्ष्मी निवास पैलेस में किया जाएगा। इसमें रुस के हैरिटेज पर रुस के कलाकारों द्वारा बनाई गई पेंटिग्स का प्रर्दशन किया जाएगा। साथ ही बीकानेर के कलाकरों द्वारा राजस्थान के हेरिटेज पर बनायी गई पेंटिग्स की प्रतियोगिता करवायी जाएगी। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ पेंटिग्स का प्रर्दशन रुस में किया जाएगा।

COMMENT