भाजपा मोदी कैबिनेट के नए मंत्रियों के लिए आशीर्वाद यात्रा निकालेगी, तैयारियां शुरू

Views : 2520  |  3 minutes read
BJP-Ashirvad-Yatra

पिछले महीने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में पहली बार मंत्रिमंडल का विस्तार और फेरबदल किया गया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए मंत्रियों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में जन आशीर्वाद यात्रा निकालने जा रही है। दिल्ली भाजपा ने भी इस यात्रा के लिए अपनी तैयारियां शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से इस आशीर्वाद यात्रा में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी शामिल होंगी। तीन दिवसीय यात्रा में संगठन के लाखों कार्यकर्ता भी साथ रहेंगे।

18 अगस्त को होगा जन आशीर्वाद यात्रा का समापन

जन आशीर्वाद यात्रा कार्यक्रम के संयोजक और दिल्ली भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि प्रदेश में 14 जिले हैं और दोनों मंत्री सात-सात जिलों में यात्रा निकालेंगे। यह तीन दिवसीय यात्रा 16 अगस्त से शुरु होगी और इसका समापन 18 अगस्त को होगा। यात्रा के दौरान और दिन के अंत में यात्रा के समापन पर एक जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें भाजपा नीत केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में जनता को जानकारी दी जाएगी।

प्रदेश भाजपा महामंत्री मल्होत्रा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अपनी यात्रा पश्चिमी दिल्ली जिले से शुरु करेंगे, जबकि मीनाक्षी लेखी अपनी यात्रा करोल बाग जिले से शुरू करेंगी। जन आशीर्वाद यात्रा और सभाओं में जनता को भाजपा की नीतियों और केंद्र सरकार के कार्यों से अवगत कराने के साथ-साथ दिल्ली में केजरीवाल सरकार की गलत और जन विरोधी नीतियों का भी विरोध किया जाएगा।

वीकली मार्केट शॉपकीपर्स के कल्याण के लिए पार्टी कटिबद्ध

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि लॉकडाउन के बाद दिल्ली में साप्ताहिक बाजार लगाने की अनुमति देने में देरी को लेकर साप्ताहिक बाजार लगाने वालों में केजरीवाल सरकार के खिलाफ़ जबरदस्त नाराजगी है। इस कारण आप पार्टी हताश है। उन्होंने कहा, यहीं वजह है कि आम आदमी पार्टी साप्ताहिक बाजारों में निजीकृत ठेका व्यवस्था लाए जाने को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

Read Also: पीएम मोदी ने कैबिनेट बैठक में सभी मंत्रालयों के लिए तय किया एजेंडा

COMMENT