किरेन रिजिजू को हटाकर अर्जुन राम मेघवाल को बनाया कानून मंत्री, अब रिजिजू संभालेंगे ये मंत्रालय

Views : 549  |  3 minutes read
Modi-Cabinet-Reshuffle

मोदी कैबिनेट में एक बड़ा फेरबदल किया गया है। जानकारी के अनुसार, कानून मंत्री का पद संभाल रहे किरेन रिजिजू को पद से हटाकर उनकी जगह अर्जुन राम मेघवाल को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, किरेन रिजिजू को अब भू-विज्ञान मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी की गई एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों को विभागों का पुन: आवंटन किया है।

जितेंद्र सिंह संभाल रहे थे भू-विज्ञान मंत्रालय

राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति के मुताबिक, किरेन रिजिजू को अब भू-विज्ञान मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह इस मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे थे। वहीं, अर्जुन राम मेघवाल को कानून राज्य मंत्री के तौर पर स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। आपको बता दें कि मेघवाल पहले से ही संस्कृति मंत्रालय और संसदीय मामलों के मंत्रालय में राज्यमंत्री का पद संभाल रहे हैं।

रिजिजू ने मौजूदा और पूर्व न्यायाधीशों पर की थी टिप्पणी

माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा कानून मंत्री रहते मौजूदा और पूर्व न्यायाधीशों पर की गई टिप्पणियों के कारण उनका विभाग बदला गया है। पीएम नरेंद्र मोदी उनसे टिप्पणियों की वजह से खासे नाराज थे। बीते दिनों रिजिजू अपनी इन टिप्पणियों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। कानून मंत्री रहते किरेन रिजिजू ने कॉलेजियम को लेकर कहा था कि देश में कोई किसी को चेतावनी नहीं दे सकता है। देश में सभी लोग संविधान के हिसाब से काम करते हैं।

उन्होंने सेवानिवृत न्यायाधीशों पर भी बड़ा बयान दिया था। रिजिजू ने कहा था कि कुछ रिटायर्ड जज एंटी ​इंडिया ग्रुप का हिस्सा बन गए हैं। ये टिप्पणियां प्रधानमंत्री मोदी को भी ठीक नहीं लगीं। कर्नाटक चुनाव की वजह से किरेन रिजिजू पर फैसला पेंडिंग था। अब उनका पोर्टफोलियो बदल दिया गया है।

Read: बालों की कई समस्याओं को दूर करने में काफी लाभदायक होते हैं ये फल

COMMENT