ट्रेलर रिलीज : मनमोहन का दूसरा पक्ष दिखेगा फिल्म में, गर्मा सकती है राजनीति

Views : 2988  |  0 minutes read

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बायोपिक ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में मनमोहन सिंह की भूमिका में हैं अनुपम खेर। फिल्म के ट्रेलर का इंतजार काफी समय से किया जा रहा था। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के चक्कर में अभिनेता अनुपम खेर की फिल्म का ट्रेलर रिलीज नहीं हो पा रहा था। हालांकि फैंस का इंतजार अब खत्म हो गया है।

ये कहना गलत नहीं होगा कि मनमोहन सिंह की भूमिका में अनुपम खेर जंच रहे हैं। उन्होंने इस किरदार को निभाने के लिए कितनी मेहनत की है ये ट्रेलर देखकर आपको पता चल जाएगा।
फिल्म ‘होटल मिलन’ से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की क्लिपिंग हटवा देने वाले सेंसर बोर्ड ने ‘एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ का ट्रेलर सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलती जुलती शक्लों वाले कलाकारों के साथ पास कर दिया था। लेकिन इस ट्रेलर के रिलीज होने के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच विवाद शुरू हो सकता है।

फिल्म में मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर के किरदार में दिव्या सेठ शाह, अटल बिहारी वाजपेयी के किरदार में राम अवतार भारद्वाज, प्रियंका गांधी के किरदार में अहाना कुमरा नजर आएंगी, जबकि राहुल गांधी का किरदार अर्जुन माथुर ने निभाया है। इस फिल्म की कहानी हंसल मेहता ने लिखी है। बता दें जिस किताब पर ये फिल्म बन रही है उसे लेकर काफी विवाद हुआ था और फिल्म बनाने को लेकर भी हंगामा हुआ था।

फिल्म को सुनील बोहरा प्रोड्यूस कर रहे हैं, सुनील बोहरा पर धोखाधड़ी के मामले देश की अलग अलग अदालतों में चलते रहे हैं। फिल्म के एक और प्रोड्यूसर अशोक पंडित हैं। अशोक पंडित अक्सर टीवी चैनलों पर भगवा ब्रिगेड का समर्थन करते नजर आते हैं। वहीं फिल्म के निर्देशक विजय रत्नाकर गुट्टे जीएसटी फ्रॉड के एक बड़े मामले में गिरफ्तारी झेल चुके हैं।

फिल्म में संतय बारू के किरदारद में अक्षय खन्ना नजर आ रहे हैं। संजय बारू 2004 से 2008 के बीच तत्कालीन प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़ी कई अहम बातों का इसमें खुलासा किया है। संजय बारू ने अपनी किताब और उस पर बाद में दिए गए साक्षात्कारों में स्वीकार किया है कि उनकी किताब मनमोहन सिंह का ‘मानवीकरण’ करती है। वरना नई पीढ़ी तो उन्हें रोबोट या पत्थर की मूरत ही मान बैठती। फिल्म अगले साल 11 जनवरी को रिलीज होगी।

COMMENT