रवि पुजारी गिरफ्तार, फोन पर धमकाने वाला वो डॉन जिसके नाम से थर-थर कांपता है पूरा बॉलीवुड

Views : 5204  |  0 minutes read

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 15 सालों से फरार अंडरवर्ल्‍ड डॉन रवि पुजारी को आखिरकार पूर्वी अफ्रीका के देश सेनेगल में धर लिया गया है। अंडरवर्ल्‍ड से जुड़े इस बड़े चेहरे की गिरफ्तारी के बाद मोदी सरकार की यह बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

बताया जा रहा है कि सेनेगल पुलिस ने भारतीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर 22 जनवरी को रवि पुजारी को गिरफ्तार किया और 26 जनवरी को भारतीय दूतावास को इस बारे में सारी जानकारी दी गई। सालों से सुरक्षा एजेंसी की नाक में दम करने वाले रवि पुजारी से नेता, फिल्मी स्टार, सिंगर्स हर कोई सहमा हुआ था।

छोटा राजन के साथ रखा अंडरवर्ल्‍ड की दुनिया में कदम

मुंबई में जब अंडरवर्ल्‍ड अपने पैर फैला रहा था तब दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन ये दो नाम खौफ का पर्याय बन रहे थे। रवि पुजारी ने छोटा राजन के साथ काम करना शुरू किया। छोटा राजन के लिए हत्‍या की सुपारी लेता हुआ रवि उसका सबसे करीबी गुर्गा बन गया।

1992 में छोटा राजन पर हुए बैंकॉक हमले के बाद छोटा राजन का एक करीबी रोहित वर्मा मारा गया जिसके बाद रवि की जगह गैंग में और मजबूत हो गई। 1993 मुंबई बम धमाकों के बाद दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन के अलग होने के साथ ही रवि पुजारी ने छोटा राजन का साथ छोड़ दिया और अपनी खुद की नई गैंग बनाकर बैंकॉक चला गया।

सर्जिकल स्ट्राइक के समय उछला था नाम

अंडरवर्ल्ड डॉन और गैंगस्टर का नाम भारत की पाकिस्तान पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद काफी चर्चा में रहा था। पुजारी ने सर्जिकल स्ट्राइक ऑपरेशन पर सवाल करने वाले कांग्रेस नेता संजय निरूपम को फोन कर धमकाया था। हुआ यूं था कि संजय निरूपम ने सर्जिकल स्ट्राइक को फर्जी बताया जिसके बाद रवि पुजारी भड़क गया। उसके बाद डॉन रवि पुजारी ने खुद फोन कर संजय निरूपम को धमकी दी और माफी मांगने के लिए कहा।

फोन करके मांगता था करोड़ों की रंगदारी

रवि पुजारी का नाम फोन करने करोड़ों रूपये की रंगदारी मांगने के मामले में कई नेताओं और नामी लोगों से जुड़ा है। दिसबंर 2018 में यूपी के प्रतापगढ़ सीट से अपना दल के विधायक संगम लाल गुप्ता ने आरोप लगाया कि पुजारी ने उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। वहीं इससे पहले 20 सितंबर 2018 को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिला प्रमुख अरुण सिंह को भी फोन करके धमकाया गया और पांच करोड़ की रंगदारी की मांग की गई।

पुजारी के नाम से कांपता था पूरा बॉलीवुड

रवि पुजारी की गिरफ्तारी की बॉलीवुड वालों के लिए एक बड़ी राहत की खबर मानी जा रही है। वो इसलिए क्योंकि रवि पुजारी ने बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरूख से लेकर सलमान खान और यश चोपड़ा से लेकर फिल्ममेकर महेश भट्ट को धमकाया था। वहीं पुजारी ने सिंगर अरिजीत सिंह को धमकाकर फ्री में गाना गाने की डिमांड भी की थी।

वहीं एक समय था जब रवि पुजारी की धमकियां हर छोटे-बड़े स्टार को मिल चुकी थी। रवि पुजारी ने रितेश देशमुख, प्रीति जिंटा, बोनी कपूर, करिश्मा कपूर, संजय कपूर, विवेक ऑबरॉय, फरहान अख्तर, अक्षय कुमार, करण जौहर जैसे नामी लोगों को धमकाया है।

COMMENT