रोहतांग दर्रे में बर्फबारी, सैलानी हुए खुश, बढ़ सकते हैं पर्यटक

Views : 3630  |  0 minutes read

मौसम के करवट बदलते ही रोहतांग दर्रे सहित पहाड़ियों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। रोहतांग में बर्फ़बारी होने से लाहुल घाटी का कुल्लू मनाली से सम्पर्क कट गया है। देश व दुनिया के सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे में आधा फुट ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी होने से एक बार फिर रोहतांग दर्रे में वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है और लाहुल का मनाली से संपर्क कट गया है। दर्रे के बंद हो जाने से मनाली आ रहे वाहन लाहुल में फंस गए हैं। दर्रे सहित समस्त ऊंची चोटियों ब्यासनाला, मढ़ी, राहलाफाल, अंजनी महादेव, फातरू, धुंधी और गुलाबा सहित बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। गुरुवार सुबह से ही बर्फबारी का क्रम शुरू होने से अभी तक कोई भी वाहन रोहतांग दर्रे को पार नहीं कर पाया। मनाली के सभी पर्यटन स्थलों में सैलानियों को मजा आ गया है।

लाहुल घाटी के कुछ हिस्से में बस सेवा प्रभावित हुई है। सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल एके अवस्थी ने बताया कि बर्फबारी से मढी व राहलाफाल में चल रहा बीआरओ का कार्य प्रभावित हुआ है।

बंद है रोहतांग दर्रा

नवम्बर महीने में हुई बर्फबारी के कारण प्रशासन ने 12 नवम्बर से सैलानियों के लिए रोहतांग दर्रा बन्द कर दिया है। लेकिन गुरुवार को सैलानियों ने गुलाबा बैरियर के पास बर्फ के फाहों का आनंद उठाया। बर्फ़बारी को देखते हुए प्रशासन ने सभी वाहनो को गुलाबा से आगे जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। सैलानी गुलाबा से आगे नहीं भेजे गए है।

बर्फबारी से प्रशासन भले ही सचेत हो गया है लेकिन वहां पहुंचे सैलानी काफी उत्साहित हैं। पर्यटक स्नोफॉल का लुत्फ उठा रहे हैं और फोटोग्राफी के मजे ले रहे हैं। उधर, बर्फ़बारी को देखते हुए रोहतांग दर्रा सभी वाहनो के लिए बन्द कर दिया है। पैदल राहगीरों को भी मौसम साफ होने के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी। अगर बर्फबारी अधिक हुई तो दर्रा सर्दियों के लिए बंद हो जाएगा।

पहाड़ों पर हो रही बर्फ़बारी से मनाली के पर्यटन को चार चांद लगेंगे। क्रिसमस और न्यू ईयर को लेकर मनाली के होटलों में आकर्षक पैकेज दिए जा रहे है। सैलानी बर्फ का आनंद लेने के साथ-साथ आकर्षक पैकेज का लाभ भी उठाए।

COMMENT