सानिया मिर्ज़ा ने महज़ 6 साल उम्र में खेलना शुरू कर दिया था टेनिस, विवादों से भी रहा है नाता

Views : 5180  |  4 minutes read
Sania-Mirza-Biography

अपने समय में भारत की ‘टेनिस सनसनी’ रही सानिया मिर्ज़ा आज अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म 15 नवंबर, 1986 को मुंबई शहर में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट व बिल्डर इमरान मिर्ज़ा के घर में हुआ था। उनकी मां नसीमा मिर्ज़ा मुंबई में प्रिटिंग बिजनेस से जुड़ी कंपनी में काम करती थीं। जब सानिया की उम्र बहुत कम थीं, उस दौरान ही उनका परिवार आंध्र प्रदेश के हैदराबाद में शिफ्ट हो गया। उनके परिवार में माता-पिता के अलावा उनकी एक छोटी बहन अनम मिर्ज़ा भी है। सानिया की बचपन से खेलों में ख़ासी रुचि थी।

Tennis-Player-Sania-Mirza

उन्होंने महज़ 6 साल उम्र में टेनिस खेलना शुरू कर दिया था। वह हैदराबाद के निज़ाम क्लब में टेनिस सीखने जाया करती थी। सानिया ने प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति के पिता सीके भूपति से टेनिस की शुरुआती ट्रेनिंग लीं। मिर्ज़ा सबसे कम उम्र में ‘पद्मश्री’ अवॉर्ड से सम्मानित की गई खिलाड़ी हैं। इस खास अवसर पर जानिए उनकी जिंदगी के बारे में कुछ ​अनसुनी बातें…

Sania-Mirza-Biography

साल 2003 में शुरू हुआ प्रोफेशनल करियर

टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा ने अपनी स्कूलिंग की पढ़ाई हैदराबाद के एनएएसआर स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने सेंट मैरी कॉलेज, हैदराबाद से स्नातक की डिग्री लीं। सानिया को 11 दिसंबर 2008 को चेन्नई में एमजीआर शैक्षिक और अनुसंधान संस्थान विश्वविद्यालय ने ‘डॉक्टर ऑफ लेटर्स’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया। वह टेनिस के अलावा तैरना व क्रिकेट खेलना पसंद करती हैं। सानिया के टेनिस करियर की शुरुआत वर्ष 1999 में हुईं।

वह उस वक़्त महज 14 साल की थीं, जब उन्होंने वर्ल्ड जूनियर टेनिस चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। बतौर एक जूनियर खिलाड़ी सानिया ने 10 सिंगल्स और 13 डबल्स खिताब अपने नाम किए। उन्होंने वर्ष 2003 में प्रोफेशनल टेनिस की दुनिया में कदम रखा था। वह साल 2003 से 2013 यानि लगभग एक दशक तक महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) के एकल और डबल में शीर्ष भारतीय टेनिस खिलाड़ी रहीं।

Tennis Player Sania Mirza

सिंगल्‍स में बेस्ट रैंकिंग वाली भारतीय टेनिस प्लेयर

करीब 5 फीट 6 इंच लंबी सानिया मिर्ज़ा भारत की टेनिस सिंगल्‍स में बेस्‍ट रैंकिंग वाली प्लेयर हैं। सानिया सिंगल्स की वर्ल्‍ड रैंकिंग में 27वें नंबर तक पहुंचीं। इसके अलावा वह अपनी पूर्व जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ डबल्‍स में नंबर एक पर रह चुकी हैं। सानिया ने सबसे पहले वर्ष 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का मिक्स डबल्स खिताब जीता था। इसके बाद साल 2012 में उन्होंने फ्रेंच ओपन मिक्स डबल्स खिताब और वर्ष 2014 में यूएस ओपन मिक्स डबल्स खिताब अपने नाम किया। उन्होंने साल 2015 में विंबलडन का युगल खिताब भी जीता था।

Sania-Mirza

सानिया मिर्ज़ा ने एफ्रो एशियाई, एशियाई और कॉमनवेल्थ गेम्स खेलों को मिलाकर करीब 12 खिताब अपने नाम किए। उन्होंने एफ्रो एशियाई खेलों में कुल मिलाकर 4 गोल्ड मेडल जीते हैं। सानिया ने एशियाई खेलों में एक गोल्ड, 3 सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। वे कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं।

Sania-Mirza

कई विवादों से जुड़ चुका है सानिया का नाम

टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा का नाम कई बार ​विवादों से भी जुड़ा हुआ है। एक मुस्लिम परिवार में पैदा हुई सानिया के खिलाफ वर्ष 2005 में एक मुस्लिम ज़मात ने फ़तवा जारी कर दिया था। उन्हें टेनिस खेलते समय सानिया के छोटे कपड़ों को लेकर आपत्ति थी। इसके अलावा वह राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान को लेकर भी सुर्खियों में रहीं।

दरअसल, वर्ष 2008 में ऑस्‍ट्रेलिया में टेनिस प्रतियोगिता देखने पहुंची सानिया की कुर्सी के आगे टेबल पर तिरंगा लगा हुआ था। सानिया उसी टेबल पर तिरंगे के बगल में पैर रखकर बैठ हुई थीं। उनकी यह तस्‍वीर सोशल मीडिया पर काफ़ी वायरल हुईं। उनके खिलाफ केस भी फाइल किया गया था।

इसके अलावा सानिया मिर्ज़ा ने एक बार ओलंपिक खेलों में भारत का झंडा उठाने से मना कर दिया था, जिस पर भी उनकी जमकर आलोचना हुई थीं। इतना ही नहीं वर्ष 2010 में उनके पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ निकाह करने पर खूब हल्ला हुआ था।

Sania-Mirza-and-Shoaib-Malik

ऐसी रहा है अब तक का निज़ी जीवन

अगर सानिया मिर्ज़ा की निजी ज़िंदगी के बारे में बात करें तो उनके बॉयफ्रेंड का नाम सोहराब मिर्ज़ा था। पेशे से बिजनेसमैन सोहराब टेनिस स्टार सानिया के चाइल्ड फ्रेंड हुआ करते थे, बाद में वर्ष 2009 में इन दोनों की सगाई भी हुई थी, लेकिन कुछ महीनों में ही यह रिश्ता टूट गया। इसके बाद सानिया ने 12 अप्रैल, 2010 को पाकिस्तान के क्रिकेटर शोएब मलिक से शादी रचाईं। इन दोनों की मुलाक़ात ऑस्ट्रेलिया के होबार्ट शहर में हुई थी। दोनों का एक बेटा इज़हान मिर्ज़ा मलिक है, उसका जन्म 2 नवंबर 2018 को हैदराबाद में हुआ।

जब सेफ सेक्स पर बयान देकर फंस गईं

टेनिस सनसनी सानिया मिर्ज़ा एक बार सेफ सेक्स पर बयान देकर फंसी थीं, लेकिन बाद में उन्होंने इस पर सफाई देते हुए कहा कि शादी के बाद ही फिजिकल रिश्ता बनाना चाहिए। अगर उनकी पसंद की बात करें तो सानिया को हैदराबादी बिरयानी बहुत पसंद हैं। उनके फेवरेट एक्टर की लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, सलमान खान और अर्जुन रामपाल शामिल हैं। वहीं, अभिनेत्रियों में उनकी पसंद काजोल और करीना कपूर खान हैं।

Sania-Mirza-

‘पद्मश्री’ और ‘अर्जुन अवॉर्ड’ से किया गया सम्मानित

दिग्गज भारतीय टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए साल 2004 में ‘अर्जुन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था। इसके दो साल बाद वर्ष 2006 में सानिया को भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘पद्मश्री’ से नवाज़ा गया। इसी साल उन्हें डब्‍ल्‍यूटी का ‘मोस्‍ट इम्‍प्रेसिव न्‍यू कमर’ अवॉर्ड भी मिला। साल 2016 में भारत सरकार ने उन्हें तीसरे सर्वोच्च नागरिक अवॉर्ड ‘पद्मभूषण’ से सम्मानित किया। आज सानिया देश के लाखों युवाओं की प्रेरणा हैं। वह एक ग्लैमरस दीवा होने के साथ ही यूथ की स्टाइल आइकन भी हैं।

वर्ष 2021 में ICC टी-20 वर्ल्डकप के दौरान न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में सानिया मिर्ज़ा को पाकिस्तान के लिए चीयर करते हुए देखा गया था, जिसके बाद उन्हें भारत में ट्रोल भी किया गया।

Read: दिग्गज विकेटकीपर ​एडम गिलक्रिस्ट के हर शतक ने ऑस्ट्रेलिया को दिलाई थी जीत

COMMENT