कांग्रेस: राजस्थान लोकसभा क्षेत्रों पर चर्चा शुरू, इन सीटों के लिए बुलाई बैठक

Views : 2733  |  0 minutes read
Ashok_gehlot

लोकसभा चुनावों में अब चार महीने से भी कम समय रहा है। इस पर कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान में अपने संभावित उम्मीदवारों पर मंथन शुरू कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आज (16 जनवरी) को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सिविल लाइंस स्थित आवास पर बैठक की।

बैठक में राजस्थान की छह लोकसभा सीटों के लिए संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए बुलाया गया था जिनमें चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, सिरोही-जालोर, अजमेर और जयपुर पर बातचीत की गई।

गहलोत के अलावा, बैठक में शामिल होने वाले अन्य लोगों में उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, राज्य सह प्रभारी विवेक बंसल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सीपी जोशी शामिल थे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी के शीर्ष अधिकारी अगले कुछ दिनों में राजस्थान की अन्य लोकसभा सीटों के लिए भी बैठक करेंगे।

राजस्थान में कुल 25 लोकसभा सीटें हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीती थीं।

हालांकि, विधानसभा चुनाव में हालिया जीत के साथ, कांग्रेस आम चुनावों का सामना करने के लिए अधिक उत्साहित दिखाई दे रही है।

हाल के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस अकेली सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। ऐसे में पार्टी लोकसभा चुनावों में इस बार भाजपा को कड़ी टक्कर देने की ओर प्रयास कर रही है।

COMMENT