राजस्थान: पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की घोषणा, तीन चरणों में होंगे इलेक्शन

Views : 4751  |  0 minutes read
Panchayati-Raj-Election

राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त पीएस मेहरा ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंचायत चुनाव के कार्यक्रम के बारे में विस्तार जानकारी दी। उनकी जानकारी के अनुसार, राजस्थान की कुल 9171 पंचायतों में तीन चरणों में पंचायत के चुनाव करवाए जाएंगे। इनके लिए प्रथम चरण का मतदान 17 जनवरी को, दूसरे चरण का 22 जनवरी को और उसके बाद तीसरे चरण के लिए 29 जनवरी को वोटिंग होगी। इन चुनावों के परिणाम उसी दिन जारी किए जाएंगे और चरण के क्रम अनुसार अगले दिन यानि 18, 23 और 30 जनवरी को उप सरपंच के चुनाव होंगे। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित पंचायत क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई।

ये रहेगा तीन चरणों के चुनाव का कार्यक्रम

सबसे पहले पहले चरण के चुनाव में 17 जनवरी को राजस्थान की 3691 पंचायतों में 36047 पंच (वार्ड पंच) चुने जाएंगे। इसकी अधिसूचना 7 जनवरी, 2020 को जारी होगी। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया 8 जनवरी को सुबह 10.30 बजे से सांय 4.30 बजे तक रहेगी। इसके बाद 9 जनवरी नाम वापसी आखिरी तारीख होगी। 17 जनवरी को वोटिंग के बाद मतों की गणना की जाएगी और सरपंच पदों के परिणाम घोषित होंगे। इसके अगले दिन यानि 18 जनवरी को उप सरपंच का चुनाव किया जाएगा।

दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए अधिसूचना 11 जनवरी को जारी होगी। इसके बाद 13 जनवरी को 10.30 से 4.30 बजे तक नामांकन किया जाएगा। 14 जनवरी को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। दूसरे चरण का मतदान और मतगणना 22 जनवरी को होगी। 23 जनवरी को दूसरे चरण के चुनाव में उप सरपंचों के लिए चुनाव होगा।

इसके बाद तीसरे और आखिरी चरण के पंचायती राज चुनावों की अधिसूचना 18 जनवरी, 2020 को जारी की जाएगी। 20 जनवरी 10.30 बजे से 4.30 बजे तक नामांकन किया जा सकेगा। नामांकनों की जांच और नाम वापसी 21 जनवरी को होगी। तीसरे चरण के लिए वोटिंग 29 जनवरी को होगी और इसी दिन नतीजे आएंगे।

Read More: ‘विजडन पत्रिका’ ने दशक के टॉप-5 क्रिकेटरों में इस भारतीय खिलाड़ी को किया शामिल

पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की अधिकतम खर्च सीमा तय

राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की अधिकतम खर्च सीमा भी तय कर दी है। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिला परिषद सदस्य के चुनाव के ​लिए ड़ेढ लाख रुपए, पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए 75 हजार रुपए और सरपंच पद के चुनाव के लिए 50 हजार रुपए अधिकतम खर्च सीमा तय की गई है। बता दें, इस बार सरपंच चुनाव भी ईवीएम के जरिए कराए जाएंगे।

 

COMMENT