अस्थमा पीड़ित प्रियंका चोपड़ा ने अपनी शादी में दोगलेपन की सारी हदें पार कर दीं

Views : 4656  |  0 minutes read

बॉलीवुड में शादी का जो दौर चल रहा है उसमें प्रियंका चोपड़ा भी शामिल हुई और विदेश में हुए प्यार को देश में लाकर सात जन्मों के बंधन में बांध लिया। 1 दिसंबर, 2018 को जोधपुर का उम्मेद भवन पैलेस निक जोन्स और प्रियंका चोपड़ा की शादी का गवाह बना। शादी को लेकर प्रियंका चोपड़ा हालांकि देश की मेहनती मीडिया से नाराज हो सकती है क्योंकि उनकी शादी में लोगों ने जहां कम रूचि दिखाई वहीं मीडिया ने भी हैशटैग बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं की।

लेकिन सोशल मीडिया के शूरवीरों ने प्रियंका चोपड़ा की शादी पर पैनी नजर रखी और उन्हें ट्रॉलिंग का तोहफा दिया। दीपिका-रणवीर वाली फोटो लीक ना करने की जिद्द प्रियंका-निक को अच्छी नहीं लगी तो शादी के बाद तुरंत ही अंदर-बाहर की फ़ोटोज़ सोशल मीडिया पर छाने लगी।

फोटोज में सब्यसाची का लहंगा, बहुत सारे फिरंगी मेहमान, निक का जबरदस्ती अपनाया हुआ देसी अंदाज, प्रियंका की हंसी ये सब कुछ था लेकिन एक फोटो जिसने सोशल मीडिया पर प्रियंका को आड़े हाथों ले लिया। फोटो में उम्मेद में भवन होती भयंकर आतिशबाज़ी दिखाई दे रही थी, चारों तरफ रोशनी से भरा हुआ जोधपुर का आसमान और हवा में धुंआं, सल्फर और कार्बन डाई ऑक्साइड भी था।

अब पटाखे तो शादी में सभी छुड़ाते हैं तो प्रियंका ने क्या अलग कर दिया, क्य़ों लोग सोशल मीडिया पर इतनी चिल्लम-चिल्ली मचा रहे हैं…चलिए हम आपको बताते हैं क्या है पूरा माजरा।

एक महीने पहले की थी पटाखे ना छुड़ाने की अपील

सोशल मीडिया पर कुछ दिन पहले प्रियंका चोपड़ा ने सिप्ला कंपनी के एक वीडियो में लोगों को आतिशबाजी ना करने की अपील की थी। प्रियंका ने लोगों को अपनी अस्थमा की बीमारी के कारण लोगों से रिक्वेस्ट की थी कि- “प्लीज़ मेरी सांसें बेरोक रखिए, दिवाली पर पटाखे स्किप कीजिए। दिवाली को रोशनी, लड्डू और प्रेम का त्यौहार बनाइए न कि प्रदूषण का। पटाखों के उपयोग को कम कीजिए, जिससे कि आप सब मेरी तरह अस्थमा के रोगी और सभी जानवर, हर कोई त्यौहार का आनंद ले सके। दिवाली की शुभकामनाएं।”

अब आप बताइए उम्मेद भवन पैलेस में होने वाली इस आतिशबाजी के पीछे या तो ऐसा हुआ होगा कि एक महीने में प्रियंका चोपड़ा का अस्थमा सही हो गया या फिर ऐसा हो सकता है कि निक जोनस को आतिशबाजी का बहुत शौक है लेकिन जो हुआ उसमें इतने शोर और धुंए के साथ प्रियंका चोपड़ा का दोगलापन भी काफी तेजी से बज रहा है।

वहीं कुछ लोग प्रियंका के बचाव में यह कह रहे हैं कि उनकी तो खुद की शादी थी, उनके तो सारे इंतजाम उनके मैनेजर करते हैं तो शायद उन्हें खुद को भी इस बारे में पता नहीं होगा। लेकिन इस पर हम यह कहना चाहेंगे कि प्रियंका चोपड़ा की शादी हुई है तो एक एकस्ट्रा पानीपुरी वाला भी उन दोनों की मर्जी के बिना वहां नहीं लगा होगा तो आतिशबाजी होना तो बहुत बड़ी बात है।

ऐसे में अब प्रियंका चोपड़ा को अपने एक महीने पहले की कही हुई बात और उम्मेद भवन में शादी की रात में हुई आतिशबाजी, इस विरोधाभास पर जवाब देने के लिए आना चाहिए। आजकल आए दिन किसी ना किसी सेलिब्रिटी की सोशल मीडिया पर ट्रॉलिंग होती रहती है ऐसे में इस बार प्रियंका चोपड़ा की ये ट्रॉलिंग कहीं ना कहीं सही लगती है।

COMMENT