शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा सपा में, सीधी टक्कर राजनाथ सिंह से!

Views : 5014  |  0 minutes read

शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने के कुछ दिनों बाद अब उनकी पत्नी पूनम सिन्हा, 16 अप्रैल, मंगलवार को लखनऊ में अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव की उपस्थिति में समाजवादी पार्टी में शामिल हुईं।

उनके शामिल होने के तुरंत बाद, सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने पुष्टि की कि वह लखनऊ से सपा-बसपा-RLD की उम्मीदवार होंगी जहां केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के सामने वे मैदान में हैं।

सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि वे 18 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगी। हम कांग्रेस से अपील करते हैं कि अपने उम्मीदवार को यहां से न उतारे ताकि बीजेपी को हराया जा सके।

कुछ दिनों पहले आईएएनएस द्वारा उद्धृत सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने लखनऊ से उम्मीदवार नहीं खड़ा करने और उत्तर प्रदेश की राजधानी से सिन्हा की उम्मीदवारी का समर्थन करने का फैसला किया था।

राजनाथ सिंह ने 2014 में लखनऊ सीट पर कुल 10,06,483 वोटों में से 55.7 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल की थी। राजनाथ सिंह को 5,61,106 वोट मिले थे।

तत्कालीन कांग्रेस विधायक और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी कुल मतों के 2,88,357 अंक हासिल करके इन चुनावों में उपविजेता बनी रहीं। कयास लगाए जा रहे थे की पूनम भी कांग्रेस में शामिल होंगी लेकिन उन्होंने सपा का दामन थाम लिया है।

लोकसभा चुनावों इस सीट के इतिहास की बात करें तो 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी यहीं से जीतते आए। जिसके बाद 2009 में लाल जी टंडन और 2014 में राजनाथ सिंह ने इस सीट पर एक बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। एक बार फिर राजनाथ सिंह मैदान में हैं।

इससे पहले कांग्रेस ने शत्रुघ्न सिन्हा को पटना से टिकट देने का फैसला किया गया है। जिसके प्रचार प्रसार में पत्नी पूनम भी उनके साथ थीं। अब वे खुद राजनाथ सिंह से सीधी टक्कर लेने वाली हैं।

लखनऊ लोकसभा सीट की बात करें तो 2011 जनगणना के मुताबिक यहां की जनसंख्या 23,95,147 है। जिसमें SC 0.002 फीसदी हैं। ब्राह्मण और वैश्य मतदाता यहां मेन लाइम लाइट में रहते हैं। यहां की 21 प्रतिशत आबादी मुस्लिम है। यहां की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है।

COMMENT