भारत में 68 लाख से अधिक लोगों को लगा कोरोना टीका, 19 राज्यों में मौत का नया मामला नहीं

Views : 3012  |  3 minutes read
Corona-Vaccination-Numbers-India

देश में कोरोना टीकाकरण को 26 दिन पूरे हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बुधवार को कुल 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में टीकाकरण का कार्य किया गया। इस दौरान कुल 2,15,133 लोगों को कोरोना टीका लगाया गया। इसके साथ ही भारत में 16 जनवरी से अब तक कुल 68,26,898 स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंट लाइन वर्कर्स को कोरोना वैक्सीन का पहला डोज दिया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोविड वैक्सीन लगने के बाद से अब तक कुल 30 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है, जिनमें से 19 को लोगों को छुट्टी दे दी गई है।

उपचाराधीन मामलों में सर्वाधिक केरल और महाराष्ट्र से

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी देते हुए कहा कि देश में फिलहाल कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर अब 1,41,511 रह गई है, जबकि 33 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में कोरोना के पांच हजार से कम उपचाराधीन मामले हैं। मंत्रालय के बताया कि केंद्र शासित प्रदेश दमन-दीव एवं दादरा.नगर हवेली में कोरोना वायरस का एक भी उपचाराधीन मामला नहीं है। जानकारी के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 11,067 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान 13,087 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं। केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना के कुल उपचाराधीन मामलों में से 71 प्रतिशत केरल और महाराष्ट्र से हैं।

इन राज्यों में 24 घंटे में कोविड-19 से नहीं हुई कोई मौत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना महामारी पर ताजा जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटे में 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना वायरस संक्रमण से मौत का कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है। इन राज्यों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, लक्षद्वीप, मेघालय, सिक्किम, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, झारखंड, पुडुचेरी और दमन-दीव एवं दादरा-नगर हवेली, जम्मू-कश्मीर, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लद्दाख शामिल हैं।

Read More: दोहरी नागरिकता को मंजूरी देने का कोई प्रस्ताव नहींः केंद्रीय गृह मंत्रालय

COMMENT