700 दुश्मनों से अकेले भिड़ गए थे मेजर सोमनाथ शर्मा, फिर बने पहले परमवीर चक्र विजेता

Views : 7639  |  4 minutes read
Major-Somnath-Sharma-Biography

“दुश्मन हमारे से सिर्फ 50 गज के फासले पर है.. हमारी तादाद ना के बराबर है और हम जबरदस्त गोलाबारी से घिरे हैं.. मगर एक इंच भी पीछे नहीं हटूंगा, जब तक हमारे पास आखिरी गोली और आखिरी फौजी है”

…य़े मेजर सोमनाथ शर्मा के आखिरी शब्द थे, जिनका नाम सुनकर आज भी हर कोई जोश से लबालब हो जाता है।

देश का वो शूरवीर जिसका नाम भारत के इतिहास में उनके कारनामे के लिए लिखा गया, जिनका नाम जोश और कुर्बानी का पर्याय बन गया। देश का पहला परमवीर चक्र पाने वाले मेजर सोमनाथ शर्मा कुमाऊं रेजिमेंट की चौथी बटालियन की डेल्टा कंपनी में कमांडर के पद पर तैनात थे। आज 31 जनवरी को मेजर सोमनाथ शर्मा की 100वीं जयंती है। इस खास मौके पर जानिए भारत माता के इस वीर सपूत के बहादुरी भरे जीवन के बारे में रोचक किस्से…

विरासत में मिले देश सेवा के गुण

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक छोटे से गांव डाढ़ में मेजर जनरल एएन शर्मा के घर 31 जनवरी, 1923 को मेजर सोमनाथ शर्मा का जन्म हुआ था। इनकी शुरुआती पढ़ाई गांव में हुई, फिर आगे की पढ़ाई नैनीताल के शैखुंड कॉलेज से पूरी कीं। परिवार में बचपन से ही देश सेवा और सैन्य पृष्ठभूमि का माहौल देखने के कारण सोमनाथ शर्मा को वीरता, साहस एवं बलिदान के गुण उनकी परवरिश के दौरान ही मिले।

Major-Somnath-Sharma

हाथ की टूटी हड्डी, बाजू में प्लास्टर बांधे पहुंच गए कश्मीर

सोमनाथ ने जैसे ही अपना कॉलेज पूरा किया उसके तुरंत बाद ही वो प्रिंस ऑफ वेल्स रॉयल इंडियन मिलिट्री कुमाऊं रेजिमेंट की चौथी बटालियन का हिस्सा बन गए और सेना में सेवाएं देनी शुरू कर दी। द्वितीय विश्व युद्ध में मेजर सोमनाथ ने मोर्चा संभाला और अपने जोश और जज्बे से हर किसी को चौंकाया।

एक किस्सा है जब सेना की तरफ से 26 अक्टूबर 1947 को मेजर सोमनाथ की कंपनी को कश्मीर जाने के आदेश मिले उस दौरान मेजर के बाएं हाथ की हड्डी टूटी हुई थी और उनके बाजू में प्लास्टर चढ़ा हुआ था, लेकिन आदेश मिलते ही मेजर ने जाने की जिद्द कर ली और अपने साथियों से जाने की पुरजोर अपील की। उनका मानना था कि देश सेवा से आगे कुछ भी नहीं होता है।

जब 700 सैनिकों से अकेले भिड़ गया

मेजर सोमनाथ शर्मा के नेतृत्व में 100 सैनिकों ने बड़गांव में अपनी चौकी बना रखी थी। इसी दौरान उनकी टुकड़ी पर 700 पाक सैनिकों ने हमला बोल दिया। मेजर सोमनाथ ने मोर्चा संभाला और लगातार 6 घंटे तक सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

लड़ते-लड़ते ही मौत को गले लगाया

श्रीनगर में युद्ध भूमि से महज 15 किलोमीटर दूर बड़गांव से वो सेना के ऑपरेशन को ऑपरेट कर रहे थे। बाजू पर प्लास्टर चढ़ा होने के बावजूद वो सैनिकों को मैगजीन में गोला बारूद भरते हुए लड़ने के लिए प्रेरित कर रहे थे। लेकिन युद्ध के दौरान अचानक दुश्मन का एक गोला मेजर सोमनाथ शर्मा के पास रखे बारूद के ढेर में आकर गिरा और 3 नवंबर, 1947 को लड़ते-लड़ते ही मेजर ने मौत को गले लगा लिया। अपने काम और साहस की बदौलत मेजर सोमनाथ शर्मा को आजाद भारत का पहला सर्वोच्च वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र दिया गया।

Read: 30 जनवरी को ही क्यों मनाया जाता है शहीद दिवस, जानिए इसके पीछे की कहानी

COMMENT