ऐसा सर्बियाई खिलाड़ी जिसके आगे फीका पड़ा फेडरर और नडाल का भी जलवा

Views : 3313  |  0 minutes read

टेनिस जगत में जब भी बड़े खिलाड़ियों के बारे में बात की जाती है तो सबसे पहले रोजर फेडरर और राफेल नडाल का ही नाम आता है। ये दोनों ऐसे दिग्गज खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने खेल से हमेशा दर्शकों का दिल जीता है। लेकिन इन दोनों के अलावा भी एक ऐसा खिलाड़ी है जिसके खेल को दर्शक पसंद करते हैं। साथ ही यह वह खिलाड़ी है जिसके सामने कई बार फेडरर और नडाल को घुटने टेकने पड़े हैं। हम बात कर रहे हैं सर्बियाई खिलाड़ी नोवाक जोकोविच की। ऑस्‍ट्रेलियन ओपन ने नडाल को सीधे सेटों में हराकरक वे एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

जोकोविच ने एकतरफा फाइनल में दूसरे क्रम के राफेल नडाल को सीधे सेटों में 6-3, 6-2, 6-3 से हराया। इसी के साथ वे रिकॉर्ड सात बार ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। नडाल ने इस मैच से पहले इस टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया था लेकिन फाइनल में जोकोविच के सामने वे टिक नहीं पाए।

आइए आपको इस खिलाड़ी के विभिन्न रिकॉर्ड के बारे में बताते हैं…।

1. नोवाक वर्तमान में दुनिया के नंबर1 खिलाड़ी हैं। वे एटीपी रैंकिंग में 16,950 रेटिंग अंक हासिल कर चुके हैं। इतने अंक हासिल करने वाले वे दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं। गौरतलब है कि स्विस किंग रोजर फेडरर और स्पेनिश स्टार राफेल नडाल भी ऐसा नहीं कर पाए हैं।

2. साल 2010 से अब तक नोवाक ने 37 ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट खेले गए हैं। इनमें से उन्होंने सबसे ज्यादा 14 खिताब जीते हैं। नडाल 11 खिताब के साथ दूसरे और फेडरर 5 खिताब के साथ तीसरे नम्बर पर हैं। वहीं एंडी मरे और स्टानिस्लास वावरिंका तीन-तीन और मारिन सिलिच एक बार चैंपियन बने हैं।

3. नोवाक और नडाल के बीच अब तक 53 मुकाबले हुए हैं। इनमें से 28 में नोवाक ने जीत दर्ज की है और नडाल ने 25 मैचों में जीत दर्ज की है।

4. नोवाक और फेडरर के बीच के मुकाबले की बात करें तो अब तक 47 मुकाबले हुए हैं। इनमें से 25 मुकाबले नोवाक के नाम रहे जबकि फेडरर ने 22 मैच जीते हैं। (इनमें वह मुकाबला शामिल नही हैं, जिसमें नोवाक को वॉकओवर मिला था)

5. नोवाक एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने चारों ग्रैंडस्लैम लगातार जीते हैं, उन्होंने ऐसा 2015-16 (फ्रेंच ओपन 2016, ऑस्ट्रेलियन ओपन 2016, यूएस ओपन 2015 और विंबलडन 2015) में किया था। फेडरर या नडाल कभी भी लगातार चार ग्रैंडस्लैम जीत नहीं सके हैं।

6. नोवाक और नडाल 15वीं बार किसी टू्र्नामेंट में आमने-सामने आए हैं। इनमें से 10 बार जोकोविच चैंपियन बनकर कोर्ट से बाहर निकले।

7. नोवाक दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिसने 7 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता है। फेडरर और रॉय एमर्सन छह-छह खिताब के साथ दूसरे नंबर पर हैं। नडाल यहां एक ही बार चैंपियन बने हैं।

8. नोवाक एटीपी मास्टर्स टूर्नामेंट के पिछले 10 साल (2009 से अब तक) के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस दौरान 28 खिताब जीते हैं। नडाल ने इस दौरान 21 और फेडरर ने 13 खिताब जीते हैं।

9. नोवाक के नाम एक सीजन (2015) में सबसे अधिक 10 एटीपी खिताब जीतने का भी रिकॉर्ड है। उनके नाम लगातार 18 एटीपी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने का भी रिकॉर्ड है।

10. नोवाक के नाम के पीछे भी एक अलग कहानी है। दरअसल नोवाक के परिवार ने दूसरे विश्व युद्ध के समय अपने एक रिश्तेदार के घर में शरण ली थी। रिश्तेदार का नाम नोवाक था। नोवाक का नाम, उसी रिश्तेदार की याद में रखा गया है।

11. 31 साल के नोवाक सबसे अधिक ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के मामले में अभी तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 15 खिताब जीते हैं। इस मामले में 37 साल के फेडरर (20) पहले और 32 वर्षीय नडाल (17) दूसरे नंबर पर हैं।

COMMENT