ब्लैक हैट, कर्ली हेयर्स और मून वॉक करने वाले इस शख्स को कौन नहीं जानता

Views : 5762  |  0 minutes read

यदि आपको ब्लैक हैट, कर्ली हेयर्स और मून वॉक तीन शब्द कहे जाएं तो आप बिना देर किए माइकल जैक्सन का नाम लेंगे। बच्चों से लेकर बड़ों तक शायद ही कोई ऐसा होगा जिसे इस शख्सियत के बारे में पता नही होगा। अपने अंदाज, म्यूजिक और सॉन्ग्स से जैक्सन ने लोगों के दिल में एक अलग ही जगह बना ली थी जो आज भी कायम है। संगीत की दुनिया के इस महान कलाकार ने आज ही के दिन इस दुनिया को अलविदा कहा था। उनकी निजी जिंदगी और मौत को लेकर कई किस्से और सवाल हैं लेकिन इस पर बात करने की बजाय हम उनके कॅरियर और संगीत में उनके योगदान पर बात करेंगे।

पांच साल की उम्र से दिखने लगा था टैलेंट


शिकागो के एक उपनगरीय औद्योगिक इलाके ग्रे में रहने वाले केथरीन और जोसेफ के घर 29 अगस्त 1958 को उनके सातवें बच्चे ने जब जन्म लिया तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि एक दिन यह बच्चा सबका चहेता बनेगा और संगीत की दुनिया का बादशाह कहलाएगा। संगीत जैक्सन परिवार की रगों में दौड़ता था, माइकल के पिता जोसेफ पेशे से एक क्रेन ऑपरेटर थे। साथ ही एक स्थानीय बैंड ‘फॉल्कन’ में गिटार बजाते थे। माइकल की मम्मी केथरीन को कंट्री म्यूजिक बहुत पंसद था इसलिए उन्होनें अपने बच्चों को गाना गाना सिखाया। 5 साल के होते-होते माइकल ने स्टेज पर गायकी प्रतिभा दिखाना शुरू कर दिया था।

पिता के निर्देशन में अपने चार बड़े भाइयों के साथ उन्होंने एक से एक नंबर प्रजेंट कर संगीत की दुनिया में पदार्पण कर लिया था। मोटॉउन रिकार्ड ने माइकल को सिर्फ पांच साल की उम्र में ही साइन कर लिया था। शानदार डांस, गायकी और अलग अंदाज ने माइकल को जल्द सफल बना दिया था।

45 डिग्री वाला डांस

डांस करने वाला या माइकल जैक्सन को पसंद करने वाला कौन-सा व्यक्ति ऐसा होगा जिसने उनके जाने माने डांस स्टेप की नकल करने की कोशिश नहीं की होगी? 1987 में जारी म्यूज़िक वीडियो “स्मूथ क्रिमिनल” में जैक्सन ने जो डांस स्टेप किया था वो सभी के लिए चौंकाने वाला था। माइकल ने डांस करते हुए अपने शरीर को 45 डिग्री के कोण में आगे की तरफ झुकाया था। 45 डिग्री एंगल वाले इस डांस को पूरी दुनिया ने पसंद किया था। 45 डिग्री एंगल में झुक कर डांस करने वाले वो पहले शख्स थे। ऐसा वो खास जूतों की मदद से करते थे, जिसका पेटेंट उनके और दो साथियों के नाम है। वैज्ञानिक हमेशा से इस बात की चर्चा करते रहे हैं कि माइकल जैक्सन ऐसा कैसे कर पाते थे?

दरअसल न्यूरोसर्जनों की एक टीम ने जैक्सन के इस डांस स्टेप का अध्ययन किया है। उनका कहना है कि उनके डांस का राज़ उनके जूतों में था जो उनके पैरों को ज़रूरी ताकत देता था। रिसचर्स के अनुसार कई अच्छे डांसर्स, जिनके पैर काफी मज़बूत होते हैं वो भी इस स्टेप को करते वक्त केवल 25 या फिर अधिकतम 30 डिग्री के कोण मे ही झुक सकते हैं। लेकिन जैक्सन इस स्टेप में 45 डिग्री का कोण आसानी से बना लेते थे।

दरअसल इसके लिए उनके पास ख़ास जूते थे। उनके जूतों में वी-आकार का एक टुकड़ा लगा होता था जो ज़मीन से निकली एक कील पर ठीक से फिट हो जाता था। इस कारण जैक्सन सामने की तरफ आसानी से झुक पाते थे। लेकिन शुरुआत में उन्हें ऐसा करने के लिए कमर पर बांधने वाली सुरक्षा रस्सियों की ज़रूरत होती थी।

मून वॉक तो आज भी है हिट


जैक्सन ने अपने संगीत के अलावा डांस से सभी को बेहद प्रभावित किया था। उनके हर शो में जब भी वे मून वॉक करते थे सभी का दिल जीत लिया करते थे। अपने खास स्टाइल में वे पीछे की तरफ इतना स्मूदली चलते थे कि हर किसी की नज़रें टिक जाती थीं। देखते ही देखते यह स्टेप सब जगह हिट हो गया था। माइकल को इस वॉक का आइडिया एक माइम आर्टिस्ट Marcel Marceau से आया था। आज भी यह स्टेप काफी फेमस है और अलग—अलग मौकों पर यह स्टेप दिख ही जाता है।

यूं बने थे किंग ऑफ पॉप


जैक्सन का पहला सिंगल ‘आई वॉंन्ट यू बैक’ नवम्बर 1969 में रिलीज हुआ, जिसने जबरदस्त सफलता हासिल की। 1970 में ‘एबीसी’, ‘द लव यू सेव’ व ‘इट विल बी देयर’ नंबर्स ने सफलता के नए आयाम रचे। सिर्फ 11 वर्षीय माइकल प्रमुख गायक बन चुके थे। 1975 में जैक्सन मोटॉउन छोड़कर एपिक रिकार्ड से जुड़ गए और अपने ग्रुप का नाम बदलकर जैक्सन्स कर दिया। ‘एंजॉय यॉरसेल्फ’ और ‘शेक यॉर बॉडी’ पॉप नंबर्स ने रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की।

1979 में माइकल ने एपिक रिकॉर्ड के साथ अपना पहला सोलो एलबम ‘ऑफ द वॉल’ निकाला, इसका निर्माण क्वींसी जोंस ने किया था। ‘डोंट स्टॉप’, ‘टिल यू गेट इनफ’, ‘रॉक विथ यू’ जैसे नंबर्स से सजे इस एलबम की 7 मिलियन कॉपी बिकी थीं।

1982 में माइकल ने अपना दूसरा सोलो एलबम ‘थ्रिलर’ पेश किया जिसके गानों ने माइकल को अविदित सुपरस्टार का दर्जा दे दिया। ‘बिली जीन’ और ‘बीट इट’ जैसे सुपरहिट नंबरों ने टॉप चार्ट पर अरसे तक राज किया। ‘थ्रिलर’ अब तक के सबसे ज्यादा बिकने वाले एलबम्स में से एक है। 1984 में ‘थ्रिलर’ को 11 में से 8 ग्रेमी अवॉर्ड मिले और इसे 20 प्लेटिनम सर्टीफाइड किया गया है।
1987 तक माइकल को ‘किंग ऑफ पॉप’ की उपाधि से नवाजा गया और उनके तीसरे एलबम ‘बैड’ को 4 बार प्लेटिनम सर्टीफिकेट मिला। इसमें माइकल के 5 सिंगल थे। टाइटल ट्रेक ‘मैन इन द मिरर’ और ‘डर्टी डायना’ जैसे नंबरों ने फिर से तहलका मचा दिया।
1990 में माइकल ने टैडी राइली के साथ अपना चौथा एलबल ‘डेंजरस’ निकाला, इस एलबम की 20 मिलियन कॉपी बिकीं। इसके 11 मिनट के म्यूजिक वीडियो ‘ब्लैक ऑर व्हाइट’ जब फॉक्स नेटवर्क पर दिखाया गया तो चैनल को सबसे ज्यादा नेल्सन रेटिंग मिली थी।

पूरी दुनिया रोयी थी निधन पर

2009 में जैक्सन तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने अपने कमबैक कंसर्ट की घोषणा की। उन्होंने कहा था कि वे 50 शो करेंगे और लंदन में उनका आख़िरी शो होगा। उनके कमबैक का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे लेकिन किस्मत में कुछ और लिखा था। 25 जून 2009 को 50 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर पूरी दुनिया में आग की तरह फैल गर्ई। उस दिन हर कोई गमगीन था। उनके निधन की खबर के बाद लोग उनके बारे में इतना कुछ जानना चाहते थे कि कई सोशल साइट्स उस दिन क्रेश हो गई थीं। उनके अंतिम संस्कार को लाइव ​दिखाया गया था।

आपको बता दें कि जैक्सन सबसे ज्यादा कमाई करने वाले मृतक कलाकार भी हैं। उनकी मौत के बाद भी उनकी कमाई 1 बिलियन डॉलर थी। सबसे ज्यादा कमाने वाले मृतक कलाकार होने के कारण उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड बुक में दर्ज है।

COMMENT