संयुक्त राष्ट्र में चीन को हराकर सीएसडब्ल्यू का सदस्यता बना भारत

Views : 2893  |  3 minutes read

वास्तविक नियंत्रण रेखा यानि एलएसी पर चल रहे विवाद के बीच भारत दुश्मन देश चीन की किसी भी नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रहा है। वहीं, अब संयुक्त राष्ट्र में भी भारत ने खुद को महाशक्ति समझने वाले चीन का घमंड चूर कर दिया है। दरअसल, संयुक्त राष्ट्र में भारत ने चीन को मात देते हुए इकोनॉमिक एंड सोशल काउंसिल (ईसीओएसओसी) से जुड़े आयोग सीएसडब्ल्यू में जगह बना ली है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने यह जानकारी दी। आपको जानकारी के लिए बता दें कि यह आयोग दुनिया में महिलाओं की स्थिति पर काम करता है।

भारत ने सभी सदस्य देशों का जताया आभार

यूएन में देश के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने भारत के सीएसडब्ल्यू में सदस्य बनने पर कहा, ‘भारत ने प्रतिष्ठित ईसीओएसओसी में सीट हासिल की है। भारत महिलाओं की स्थिति पर आयोग (सीएसडब्ल्यू) का सदस्य चुना गया है। यह बताता है कि महिलाओं को लेकर हमारी प्रतिबद्धता किस तरह की है और महिला सशक्तिकरण की दिशा में हम कितना काम कर रहे हैं। हम सीएसडब्ल्यू के सभी सदस्यों का इसके लिए आभार व्यक्त करते हैं।’

गौरतलब है कि इस साल प्रसिद्ध बीजिंग वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस की 25वीं सालगिरह मनाई जा रही है और इसी दौरान चीन को यह बड़ा झटका भी लगा है। अब भारत इस सीएसडब्ल्यू आयोग का अगले चार साल तक सदस्य बना रहेगा। चीन को इसका सदस्य बनने के लिए अब कम से कम चार साल का इंतजार करना होगा। बता दें कि आयोग में इस सीट को पाने के लिए भारत, चीन और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला था। भारत और अफगानिस्तान को 54 में से अधिकतर सदस्यों का साथ मिला, जबकि यहां चीन को निराशा ही हाथ लगी। अंतत: यह सीट भारत ने हासिल कर ली है।

Read More: भारत के खिलाफ खालिस्तानी आतंकियों को मदद पहुंचा रहा पाकिस्तान: रिपोर्ट

COMMENT