रिपोर्ट: यहां भी मुकेश अंबानी ने सभी को पछाड़ा, एक साल में किए इतने करोड़ रूपये दान

Views : 5419  |  0 minutes read

दुनिया के हर धर्म में दान की बड़ी महत्ता बताई गयी है। ऐसा कहा भी जाता है कि जहां दान है वहीं पर धर्म है। धर्म ग्रन्थों के अनुसार हर मनुष्य को अपनी श्रद्धा के अनुसार कुछ न कुछ दान अवश्य करना चाहिए। माना जाता है कि दान देने से मोह से मुक्ति मिलती है, साथ ही जीवन के दोष भी दूर होते हैं।

हमारे देश में न्यायपूर्वक तरीके से अर्जित की गई अपनी आमदनी का एक अंश दान के रूप में खर्च करना आवश्यक धर्म-कर्तव्य माना गया है। सभी धर्मों में सुपात्र व्यक्ति को दान देना परम् कर्तव्य माना गया है।

आधुनिक संदर्भ में दान का अर्थ किसी जरूरतमन्द व्यक्ति को सहायता के रूप में कुछ देना है। दान का शाब्दिक अर्थ, ‘देने की क्रिया’ है। जी हां, आज हम देश के बड़े दानवीरों की बात करने जा रहे हैं। जो अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा हर वर्ष दान करते हैं।

देश में ऐसे कई सम्पन्न परिवार हैं जिनकी प्रतिदिन की कमाई करोड़ों में हैं। इनमें से कुछ परिवार ऐसे हैं जो कमाई के मामले में तो आगे है ही, साथ ही दान करने में भी किसी से पीछे नहीं रहते हैं। आइये जानते हैं एक साल में किस भारतीय अमीर परिवार ने सबसे ज्यादा धन दान किया है।

मुकेश अंबानी ने 12 महीनों में सामाजिक कार्यों पर 437 करोड़ रुपए किए खर्च

देश का सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी कमाई के साथ ही दान के मामले में भी सबसे आगे है। एक रिपोर्ट के अनुसार मुकेश अंबानी देश के सबसे बड़े परोपकारी बने हैं। दरअसल, हाल ही में हुरुन रिसर्च इंस्टीट्यूट ने परोपकार पर सबसे ज्यादा खर्च करने वाले देश के अमीरों की एक सूची जारी की है।

इसमें रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन मुकेश अंबानी का नाम सबसे ऊपर हैं। रिपोर्ट के अनुसार, मुकेश ने 1 अक्टूबर 2017 से 30 सितम्बर 2018 तक विभिन्न सामाजिक कार्यों पर 437 करोड़ रुपए खर्च किए। इतनी बड़ी धन राशि सामाजिक कार्यों पर खर्च कर वे देश के सबसे बड़े दानवीर बने हैं। दूसरा नंबर उनके रिश्तेदार और पीरामल ग्रुप के चेयरमैन अजय पीरामल है।

उन्होंने एक साल में कुल 200 करोड़ रुपए डोनेशन के रूप में खर्च किए हैं। विप्रो के अजीज प्रेमजी दानवीरों की सूची में तीसरे नंबर पर है। उन्होंने 12 महीनों में विभिन्न सामाजिक कार्यों पर 113 करोड़ रुपए डोनेशन के रूप में दिए हैं। हुरुन इंडिया ने कुल 39 लोगों की सूची जारी की है।

10 करोड़ रुपए से ज्यादा दान करने वालों को किया सूची में शामिल

हुरुन द्वारा जारी की गई लिस्ट में उन लोगों को शामिल किया गया है जिन्होंने एक साल के भीतर 10 करोड़ रुपए से ज्यादा धन दान किया है। इस लिस्ट में 1 अक्टूबर 2017 से 30 सितंबर 2018 तक दान करने वाले अमीर शामिल है।

हुरुन की रिपोर्ट के मुताबिक शिक्षा के क्षेत्र में सबसे ज्यादा डोनेशन हुआ है। दान के मामले में स्वास्थ्य दूसरे और ग्रामीण विकास तीसरे नम्बर पर रहा है। दानवीरों द्वारा इन तीन क्षेत्रों में सामाजिक कार्यों पर सर्वाधिक धन खर्च किया गया है।

देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी रिलायंस फाउंडेशन के जरिए सामाजिक कार्यों पर बड़ी रकम खर्च करते हैं। अंबानी का यह फाउंडेशन शिक्षा, समाज, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में काम करता है। मुकेश अंबानी इंडिया के ही नहीं बल्कि एशिया के सबसे बड़े अमीर व्यक्ति है।

वे पिछले सात वर्षों से देश के सबसे रिचेस्ट पर्सन है। इनकी कुल संपत्ति 3.71 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा बताई गई है। बार्कलेज हुरुन इंडिया की ओर से पिछले साल सितम्बर में जारी की गई रिच लिस्ट में भी वो टॉप पर रहे थे।

एक साल में सबसे ज्यादा दान देने वाले देश के टॉप 10 अमीर

नाम                                   कंपनी                               डोनेशन (रुपए)

मुकेश अंबानी                     रिलायंस                          437 करोड़
अजय पीरामल                  पीरामल ग्रुप                      200 करोड़
अजीम प्रेमजी                       विप्रो                              113 करोड़
आदि गोदरेज                    गोदरेज ग्रुप                        96 करोड़
युसूफ अली                      एम ए लूलू ग्रुप                     70 करोड़
शिव नडार                         एचसीएल                          56 करोड़
सावजी ढोलकिया          हरि कृष्णा एक्सपोर्ट                40 करोड़
शपूरजी पलोंजी मिस्त्री     शपूरजी पलोंजी ग्रुप               36 करोड़
सायरस मिस्त्री                    टाटा संस                          36 करोड़
गौतम अडानी                      अडानी ग्रुप                       30 करोड़

COMMENT