जेंडर न्यूट्रल स्टाइल : पुरुष भी नहीं कम, फैशन में महिलाओं की कर रहे हैं बराबरी

Views : 4066  |  0 minutes read

एक वक्त था कि जब कहा जाता था कि सजना संवरना तो महिलाओं का काम है। लेकिन अब इस काम को पुरुषों ने भी ले लिया है। जी हां, अब फैशन के मामले में पुरुष भी कम नहीं हैं। स्टाइल से लेकर मेकअप तक सभी में पुरुष हर वो चीज ट्राय कर रहे हैं, जो उन्हें डिफरेंट लुक दे सके। इसके लिए पुरुष सभी तरह के एक्सपेरिमेंट करने के लिए ​तैयार हैं। कुछ समय पहले तक सिर्फ शादी समारोह या त्योहारों पर ही पुरुषों में अलग फैशन दिखता था लेकिन अब तो कैजुअल वियर में भी पुरुष स्टाइलिंग के डिफरेंट आॅप्शन अपना रहे हैं।
रैम्प तक सीमित रहने वाला फैशन अब आम जीवन में शामिल हो चुका है। पुरुष अब किसी भी मामले में महिलाओं से कम नजर नहीं आना चाहते हैं। अब रफ एंड टफ की जगह स्मूद एंड स्वीट की परिभाषा गढ़ी जाने लगी है।

जेंडर न्यूट्रल स्टाइलिंग का मतलब

जेंडर न्यूट्रल स्टाइलिंग का मतलब महिला व पुरुषों के फैशन में समानता से है। पहले पुरुष केवल लिप बाम का प्रयोग करते थे, लेकिन अब लिपस्टिक के शेड्स उपयोग में लाने लगे हैं। इसके अलावा सामान्य मेकअप के साथ-साथ अब कपड़ों में भी एकरूपता आ गई है। पुरुष महिलाओं की व महिला पुरुषों के पैटर्न पर आधारित फैशन को अपना रहे हैं। अब महिलाओं की ही तरह पुरुषों के परिधान भी इकत, बांधनी, लहरिया व खादी जैसे फैब्रिक में बन रहे हैं। इसी को जेंडर न्यूट्रल स्टाइल कहते हैं।

महिलाओं ने बदला, अब पुरुष बदल रहे हैं

पारम्परिक परिधानों के साथ जब महिलाओं ने पुरुषों परिधानों की ओर भी नजर घुमाई तो शुरुआत में तो यह रास नहीं आया। लेकिन समय के साथ यह फैशन का हिस्सा बन गया। पुरुषों की तरह ​जींस, पेंट्स, ट्राउजर्स, टी—शर्ट, शर्ट, कुर्ता पायजामा पहनना अब महिलाओं के लिए आम बात है। शायद यही कारण है कि अब पुरुष भी एक सीमा में बंधे नहीं रहना चाहते हैं और सब कुछ ट्राय करना चाहते हैं।

कॉस्मेटिक और ज्वैलरी भी

कपड़ों की ही तरह ज्वैलरी और कॉस्मेटिक आइटम में भी पुरुषों की रुचि बढ़ी है। अब वे भी महिलाओं के लिए बनी एक्सेसरीज कैरी करते हैं। ऐसे में अब कुछ अलग नहीं रह गया है। शीशे से लेकर सिल्वर, गोल्ड व प्लेटिनम तक की ज्वेलरी में जेंडर न्यूट्रल रेंज आ गई है। पुरुषों के लिए मेकअप की खास रेंज डिस्प्ले की जाने लगी है ताकि उन्हें लुक के साथ कॉम्प्रोमाइज ना करना पड़े।

COMMENT