बर्थडे: बचपन से ही हीरोइन बनने का ख्वाब रखती थी अभिनेत्री फातिमा सना शेख

Views : 6336  |  4 minutes read
Fatima-Sana-Shaikh-Biography

बॉलीवुड अभिनेत्री फातिमा आज अपना 31वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्हें वर्ष 2016 में रिलीज़ आमिर खान स्टारर फिल्म ‘दंगल’ ने हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान दिलाई। फातिमा ने आमिर खान अभिनीत फिल्म ‘दंगल’ में अपने दमदार परफॉर्मेंस से सिने-दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था। उन्होंने चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर भी काम किया। फातिमा को ट्रेवलिंग और फोटोग्राफी का काफी शौक है। इस ख़ास मौके पर जानिए फातिमा सना शेख के जीवन के बारे में कुछ रोचक बातें…

Fatima-Sana-Shaikh

हिंदू पिता और मुस्लिम मां के घर हुआ जन्म

अभिनेत्री फातिमा सना शेख का जन्म 11 जनवरी, 1992 को तेलंगाना के हैदराबाद में हुआ था। उनके पिता का नाम विपिन शर्मा और मां का नाम राज तबस्सुम हैं। फातिमा के पिता जम्मू के एक हिंदू परिवार से आते हैं और उनकी मां श्रीनगर की एक मुस्लिम महिला है। उनका एक भाई भी है। फातिमा ने अपनी स्कूल की पढ़ाई सेंट जेवियर हाई स्कूल और कॉलेज की शिक्षा मीठीबाई कॉलेज, मुंबई से पूरी की है। वह बचपन से ही एक हीरोइन बनने का ख्वाब रखती थी। आपको जानकर हैरानी होगी मगर फातिमा ने बचपन में बतौर बाल कलाकार फिल्मों में काम किया।

Actress-Fatima-Sana-Shaikh-

महज 5 साल की उम्र में शुरू की एक्टिंग

फातिमा सना शेख ने महज 5 साल की उम्र में फेमस कॉमेडी फिल्म ‘चाची 420’ में कमल हासन की बेटी का किरदार निभाया था। इसके बाद वर्ष 2001 में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और जूही चावला की फिल्म ‘वन टू का फोर’ में अभिनेता जैकी श्रॉफ की बेटी के किरदार में नजर आईं।

Actress-Fatima-Sana-Shaikh

फातिमा के लिए आसान नहीं रहा ‘दंगल गर्ल’ बनना

बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दंगल’ में आमिर खान की बेटी गीता फोगाट के किरदार में फातिमा सना शेख पहली बार लीड अभिनेत्री के तौर पर नजर आईं। इस फिल्म में अपने धमाकेदार परफॉर्मेंस के चलते वह सभी का दिल जीतने में कामयाब रहीं। मगर सिने पर्दे पर निभाए गए पहलवान के किरदार के लिए फातिमा को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।

इस फिल्म के लिए उन्हें करीब 6 राउंड का ऑडिशन देने के बाद फाइनल किया गया था। पहलवान के किरदार के लिए उन्हें आमिर खान के पुराने फ्लैट पर ज़ायरा वसीम और सान्या मल्होत्रा के साथ कई महीनों तक साथ में पहलवानी सीखी थी। वह घंटों यहां कुश्ती की प्रैक्टिस किया करती थी। इस फिल्म के एक सीन को शूट करने के दौरान फातिमा चोटिल भी हो गई थी।

Actress-Fatima-Sana-Shaikh-

​फातिमा साल 2020 में इन फिल्मों में आई नज़र

अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने अब तक के कॅरियर में ‘तहान’, ‘बिट्टू बॉस’, ‘आकाशवाणी’, ‘दंगल’, ठग्स ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ जैसी फिल्मों में काम किया है। साल 2020 में वह फिल्म ‘लूडो’ और ‘सूरज पे मंगल भारी’ में नज़र आई। फिल्म ‘सूरज पे मंगल भारी’ में उन्होंने अभिनेता मनोज वाजपेयी और दिलजीत दोसांझ के साथ स्क्रीन शेयर की थी। फातिमा सना शेख की आने वाली फिल्में ‘धक धक’ और ‘सैम बहादुर’ हैं।

Read: अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने महज 15 साल की उम्र में कर लिया था एक्टिंग डेब्यू

COMMENT