प्रियंका गांधी की राजनीतिक एंट्री पर बिगड़े बोल, किसी ने बताया बच्ची तो कोई बोला चॉकलेटी चेहरा

Views : 5109  |  0 minutes read
priyanka gandhi

देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले जब मास्टर स्ट्रोक खेला तो हर खेमे में हड़कंप मच गया। सोनिया गांधी की बेटी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी की अधिकारिक तौर पर राजनीति में एंट्री करवाई गई, एंट्री वाली यह बात अब पुरानी भी हो गई लेकिन इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) खेमे के नेताओं ने जो आपा खोया है उसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है।

priyanka-gandhi
priyanka-gandhi

प्रियंका के राजनीति में आते ही बीजेपी के तमाम बड़े नेताओं की तरफ से कई तरह के विवादित बयान आ रहे हैं जो या तो महिला विरोधी हैं या रंगभेदी सोच को दर्शा रहे हैं।

प्रियंका गांधी वाड्रा अभी ‘बच्ची’ हैं !

बीजेपी नेता व बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार ने प्रियंका गांधी वाड्रा को राजनीति में ‘बच्ची बताया। कुमार ने कहा, “प्रियंका अभी बच्ची हैं और अगर कांग्रेस बीजेपी या मोदी से टक्कर लेना चाहती हैं तो उन्हें सोनिया गांधी को मैदान में उतारना चाहिए था। इससे आगे बोलते हुए कुमार ने कहा कि आज प्रियंका गांधी में इंदिरा गांधी की छवि देखने वाले लोग कल तक सोनिया गांधी में इंदिरा गांधी की छवि देखा करते थे।

प्रियंका सिर्फ सुंदर हैं लेकिन उनके पास कोई अन्य प्रतिभा नहीं है !

गंदी बयानबाजी का जो सिलसिला शुरू हुआ है वो अभी कहां रूकने वाला था। इससे बाद एक बीजेपी नेता व बिहार के मंत्री विनोद नारायण झा के बोल बिगड़े। झा बोले “प्रियंका बहुत सुंदर हैं लेकिन उनके पास कोई अन्य प्रतिभा नहीं है”। वह राजनीति में अभी नौसिखिया हैं। शायद उनकी उम्र 37-38 होगी या इससे ज्यादा 44 हो सकती है और इस उम्र में उन्होंने कोई राजनीतिक उपलब्धि हासिल नहीं की है। हां, वह बहुत सुंदर हैं, भगवान ने उन्हें यह दिया है। लेकिन वह इसका कितना फायदा उठा सकती हैं?”

कांग्रेस का ‘चॉकलेटी चेहरा’ !

अपने विवादित बयानों के लिए पहचाने जाने वाले बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी कहां पीछे रहने वाले थे। प्रियंका गांधी की एंट्री पर कैलाश ने उनकी तुलना बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और करीना कपूर खान से कर दी। उन्होंने प्रियंका गांधी को कांग्रेस का ‘चॉकलेटी चेहरा’ बताया।

इससे आगे वो बोले अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पास कोई चेहरा नहीं है इसीलिए वह ऐसे चॉकलेटी चेहरों के जरिए चुनाव लड़ना चाहती है।

COMMENT