10 दिन बाद भी भाजपा मौन, प्रज्ञा के “गोडसे” वाले कमेंट पर कोई कार्यवाही नहीं!

Views : 3187  |  0 minutes read

प्रज्ञा ठाकुर ने गोडसे को देशभक्त कहा था। इस पर भारतीय जनता पार्टी ने बयान से किनारा किया था और प्रज्ञा ठाकुर को 10 दिन दिए थे कि अपने बयान का स्पष्टीकरण दें। लेकिन 27 मई को दस दिन भी हो गए लेकिन बीजेपी के पास इस बात का कोई जवाब नहीं है कि पार्टी की अनुशासनात्मक समिति द्वारा क्या कार्रवाई की गई।

मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता जो सीधे प्रज्ञा सिंह ठाकुर के चुनाव अभियान में शामिल थे, उन्होंने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश के प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने भी कोई जवाब नहीं दिया।

इसी प्रकार भाजपा के प्रवक्ता नलिन कोहली द्वारा प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा स्पष्टीकरण या पार्टी के नेतृत्व द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।

भोपाल निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद (संसद सदस्य), प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने सूर्खियां तब बटोरी थीं जब उन्होंने बयान दिया कि नाथूराम गोडसे एक देशभक्त था।

प्रज्ञा ठाकुर द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे को देशभक्त बोलने की वजह से पार्टी बैकफुट पर थीं। 17 मई को, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर, अनंतकुमार हेगड़े और नलिन काटेल की टिप्पणियों के बारे में ट्वीट किया था कि ये उनके अपने निजी बयान हैं और पार्टी का उनसे कोई लेना देना नहीं है। इसके बाद उन्होंने घोषणा की कि उन्हें 10 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है।

द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी की अनुशासन समिति के सदस्य सत्यदेव सिंह के हवाले से कहा गया कि मुझे कुछ भी पता नहीं है। कृपया हमारे महासचिव, संगठन, रामलालजी से संपर्क करें। टेलीग्राफ की रिपोर्ट में कहा गया है कि भाजपा की अनुशासन समिति के अन्य सदस्य रामलाल और बिजोया चक्रवर्ती ने इस मसले पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी।

भोपाल से भाजपा के पूर्व लोकसभा सांसद आलोक संजर का कहना है कि यह मामला अब पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और साध्वी के बीच है। उन्होंने चुनावों के दौरान खेद जताया है। उन्हें इस मुद्दे या प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बारे में पार्टी के अंतिम आह्वान के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

एक अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता और शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई वाली सरकार में पूर्व राजस्व और विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री, उमा शंकर गुप्ता ने कहा कि मुझे इस मुद्दे के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

COMMENT