सिलाई मशीन से खूबसूरत तस्वीरें बनाने वाला दुनिया का एकमात्र पेंटर है अरूण बजाज

Views : 7189  |  0 minutes read

दुनिया में एक से बढ़कर एक पेंटर हुए हैं जिन्होंने अपनी कला से खूबसूरत चित्रकारी की है। आपने कभी सुना है कि कोई आर्टिस्ट सिलाई मशीन के जरिए खूबसूरत तस्वीरें बनाता हो। ‘नीडल मैन’ अरुण बजाज सिलाई मशीन से ऐसी खूबसूरत पेंटिंग बनाते हैं जिन्हें देखकर आप भी उनके मुरीद बना जाएंगे।

अरुण बजाज पंजाब के पटियाला के रहने वाले हैं। इस समय उनकी उम्र 35 वर्ष हैं। उन्होंने अपनी इस कला से गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व से पहले सिलाई मशीन से खास तस्वीर बनाई है। अरुण सिलाई मशीन से तस्वीर बनाने की कला में माहिर दुनिया के इकलौते कलाकार हैं। इस अनोखी कला से वह कई वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा चुके हैं। उनके नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड से लेकर यूनीक (अनोखा) वर्ल्ड रिकॉर्ड और यहां तक कि लिम्का वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

दुनिया की प्रसिद्ध हस्तियों की बनाई तस्वीरें

अरुण ने भगवान श्रीकृष्ण की एक खूबसूरत तस्वीर बनाई, जिसके लिए उन्हें कई अवॉर्ड मिल चुके हैं। इस तस्वीर की खास बात यह है कि इसे बनाने में उन्हें तीन वर्ष का समय लगा और 28 लाख 36 हजार मीटर धागे का उपयोग किया गया। यह दुनिया की पहली तस्वीर है जिसे सिलाई मशीन से लाखों मीटर धागे से तैयार किया था।

उन्होंने अपने इस हुनर के जरिए कई प्रसिद्ध हस्तियों की तस्वीरें बनाई हैं जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हैं। इस तस्वीर को उन्होंने वर्ष 2017 में पीएम से मुलाकात के दौरान भेंट की थी।

कठिनाइयों में गुजरा बचपन

अरुण को बचपन से ही संघर्ष करना पड़ा था। उसके पिता एक दर्जी थे। अरुण 12 साल की उम्र से ही सिलाई का काम कर रहे हैं। जब वह 16 साल के थे तब उनके पिता का देहांत हो गया। जिसके बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई छोड़ दी। उन्हें यह काम करते 23 साल बीत चुके हैं।

उनके मुताबिक वह एक फेमस पेंटर बनना चाहते थे, लेकिन पिता की मृत्यु के बाद उनका सपना टूट गया। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने अंदर पनप रहे हुनर को जिंदा रखा। अरुण आज अपने इस हुनर के जरिए दुनिया का अनोखों चित्रकार हैं।

COMMENT