आदित्य रॉय कपूर के सिने करियर की फ्लॉप फिल्म से हुई थी शुरुआत

Views : 6079  |  4 minutes read
Aditya-Roy-Kapur-Biography

वर्ष 2009 में रिलीज़ हुई बॉलीवुड की मल्टीस्टारर फिल्म ‘लंदन ड्रीम्स’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता आदित्य रॉय कपूर आज हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना पहचाना नाम है। वे एक फिल्मी परिवार से आते हैं। बॉलीवुड में आदित्य की शुरुआत फ्लॉप फिल्मों के साथ हुईं, लेकिन उनकी कुछ फिल्में सिने-दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है। उन्हें असल पहचान फिल्म ‘आशिकी-2’, ‘ये जवानी है दिवानी’, ‘ओके जानू’ जैसी फिल्मों से मिलीं। आज आदित्य रॉय कपूर अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस ख़ास अवसर पर जानिए उनकी जिंदगी के बारे में कुछ अनसुनी बातें…

फिल्मी परिवार में हुआ आदित्य का जन्म

अभिनेता आदित्य रॉय कपूर का जन्म 16 नवंबर, 1985 को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में हुआ था। आदित्य ने अपनी स्कूल की पढ़ाई मुंबई के जी.डी सोमानी मेमोरियल स्कूल से पूरी की। वहीं, उन्होंने सेंट जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री ली। आदित्य के पिता का नाम कुमुद रॉय कपूर और मां सलोम रॉय कपूर है। उनके पिता एक पंजाबी हिंदू परिवार से आते हैं, वहीं उनकी मां एक जेविश महिला हैं। फिल्म इंडस्ट्री में सलोम जाना पहचाना नाम है। वे अपने जमानें की मॉडल रह चुकी हैं और फिल्मों में कई गानें भी कोरियोग्राफ किए हैं।

आदित्य रॉय कपूर के दादा रघुपत रॉय 1940 के दशक के एक फिल्म निर्माता थे। वह अपने तीन भाईयों में सबसे छोटे हैं। आदित्य के बड़े भाई सिद्धार्थ रॉय कपूर, जो यूटीवी मोशन पिक्चर के सीईओ हैं व अभिनेत्री विद्या बालन उनकी पत्नी है। उनके दूसरे भाई कुणाल रॉय कपूर है जो बॉलीवुड एक्टर हैं।

आदित्य रॉय कपूर करियर की शुरुआत

घर में फिल्मी माहौल होने के बावजूद आदित्य अभिनेता नहीं बनना चाहते थे। कॉलेज की पढ़ाई के बाद वे वी.जे. के रूप में चैनल V में काम करने लगे। आदित्य इसी काम से खुश थे। मगर, कुछ समय बाद ही उन्होंने फिल्मों में आने का फैसला किया। साल 2009 में आदित्य ने फिल्म ‘लंदन ड्रीम्स’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके अलावा, सलमान खान, अजय देवगन और असीन भी थे।

हालांकि, उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं चल पाई। इसके बाद वे साल 2010 में ऐश्वर्या राय और अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘एक्शन रिप्ले’ में नजर आए। यह फिल्म भी दर्शकों का दिल जीतने में असफल रही। इसी साल उनकी फिल्म ‘गुजारिश’ आई जो भले ही बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, मगर क्रिटिक्स से फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला। अपने शुरुआती सिने-करियर में आदित्य को कुछ खास सफलता नहीं मिली।

अभिनेता आदित्य के लिए आशिकी-2 बनी टर्निंग पॉइंट

साल 2013 आदित्य कपूर के करियर का बड़ा महत्वपूर्ण साल रहा। इस साल उनकी फिल्म ‘आशिकी-2’ रिलीज की गई जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। यह साल 1990 में आई महेश भट्ट की फिल्म आशिकी की रिमेक थी, जिसे मोहित सूरी ने निर्देशित किया था। यह फिल्म श्रद्धा कपूर की डेब्यू फिल्म थी। वहीं आदित्य के सिने करियर की यह पहली सुपरहिट फिल्म थी।

आदित्य रॉय कपूर की बेहतरीन फिल्में

आशिकी-2 के बाद आदित्य ने कई अच्छी फिल्में की जिनमें अयान मुखर्जी की साल 2013 में आई फिल्म ‘ये जवानी है दिवानी’, साल 2014 में आई ‘दावत-ए-इश्क’, साल 2017 में आई ‘फितूर’, 2017 में ‘ओके जानू’, 2019 में ‘कलंक’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

Read: अभिनेता कमल हासन ने मात्र चार साल की उम्र में शुरू कर दी थी एक्टिंग

COMMENT